देश की खबरें | बॉलीवुड , टीवी जगत ने अभिनेता समीर शर्मा की मौत पर शोक व्यक्त किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अभिनेता वरुण धवन, सिद्धार्थ मल्होत्रा,रिचा चड्डा जैसी फिल्मी हस्तियों और टीवी कलाकारों ने अभिनेता समीर शर्मा की मौत पर बृहस्पतिवार को शोक व्यक्त किया। शर्मा मलाड स्थित अपने घर में मृत पाए गए थे।
मुंबई,छह अगस्त अभिनेता वरुण धवन, सिद्धार्थ मल्होत्रा,रिचा चड्डा जैसी फिल्मी हस्तियों और टीवी कलाकारों ने अभिनेता समीर शर्मा की मौत पर बृहस्पतिवार को शोक व्यक्त किया। शर्मा मलाड स्थित अपने घर में मृत पाए गए थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 44 वर्षीय शर्मा बुधवार रात अपने फ्लैट की रसोई में फंदे से लटके पाए गए। शर्मा ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘‘ कहानी घर घर की’’ और ‘‘ये रिश्ते हैं प्यार के’’ जैसे धारावाहिकों में काम कर चुके थे।
मलाड पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक जॉर्ज फर्नांडीस ने कहा कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं बरामद हुआ है और संदेह है कि उन्होंने दो दिन पहले आत्महत्या की।
रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म "हंसी तो फंसी" में शर्मा के साथ काम चुके अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा ने इंस्टाग्राम पर फिल्म से एक तस्वीर साझा की और लिखा, "वास्तव में दुखी और दुर्भाग्यपूर्ण। आपकी आत्मा को शांति मिले समीर शर्मा।"
वरुण ने इंस्टाग्राम पर लिखा, " आपकी आत्मा को शांति मिले समीर शर्मा।"
शर्मा के साथ "ये रिश्ता क्या कहलाता है" में काम कर चुके वत्सल ने ट्वीट किया,‘‘ यह बात सुन कर बेहद सदमे में हूं कि समीर अब इस दुनिया में नहीं हैं..... हम बहुत सारी चीजों पर बाते करते थे....हमेशा आपके चेहरे पर मुस्कान रहती थी....विश्वास नहीं हो रहा कि आप चले गए।’’
वत्सल ने शर्मा के साथ एक तस्वीर भी साझा की।
अभिनेत्री रिचा ने हाल ही में एक ब्लॉग लिखा था कि किस प्रकार से बॉलीवुड नेक और बुरे लोगों में बंटा हुआ है। उन्होंने ट्वीट किया कि शर्मा की मौत दिल तोड़ने वाली है।
‘फुकरे’ की अभिनेत्री ने कहा कि मनोरंजन जगत में काम करने वाले लोगों के पास ऐसा कुछ नहीं है जहां वे सुकून पा सकें,जो कि डरावना है।
रिचा ने कहा,‘‘जब मैंने ब्लॉग लिखा था तो मैंने संकेत दिए थे कि आत्महत्या की और घटनाएं हो सकती हैं। और यह दुखद है कि, मुझे लगता है कि और घटनाएं होंगी। शो बिजनेस में काम करने वाले कास्ट,क्रू के लिए कोई सुरक्षा तानाबाना नहीं है।पुनर्गठन और रॉयल्टी पर चर्चा करें। अपने अधिकारों की मांग करें। आसपास के लोगों के लिए दयालु बनें ... आत्मा को शांति मिले समीर।’’
शर्मा की मौत ऐसे वक्त में हुई है जब बॉलीवुड और पूरा देश अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले की गुत्थी से जूझ रहा है और अभी भी सदमे में हैं।
फिल्म निर्माता अनुभव सिन्हा ने सुशांत की मौत की टीवी कवरेज का जिक्र करते हुए उम्मीद जताई कि शर्मा की मौत को भी गंभीरता से लिया जाएगा।
"थप्पड़" के निदेशक ने ट्वीट किया, "इस बीच समझदार लोगों, हमें अपने दोस्तों को देखने की जरूरत है। केवल ‘हाय’ कहने के लिए अतिरिक्त कॉल करें। हाथ पकड़ने का समय।"
फिल्मकार हंसल मेहता ने कहा कि शर्मा की मौत बेहद दुखद है।
मेहता ने ट्वीट किया, ‘‘एक और युवा अभिनेता की संदिग्ध आत्महत्या से मौत। बहुत, बहुत दुखद।’’
टीवी स्टार गौतम रोडे, मौनी रॉय और रिया सेन ने भी शर्मा की मौत पर शोक व्यक्त किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)