प्रयागराज (उत्तर प्रदेश), 23 मार्च जिले के गंगापार फूलपुर में स्थित इफको संयंत्र में मंगलवार को बायलर फटने से वहां कार्यरत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए जिनका इलाज शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों में चल रहा है।
इफको फूलपुर के जनसंपर्क अधिकारी संजय मिश्र ने बताया कि इफको फूलपुर के पावर प्लांट के बायलर नंबर-4 में दोपहर करीब सवा एक बजे विस्फोट हुआ जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों में से एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। घटना में घायल अन्य 14 लोगों का शहर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
मिश्र ने बताया कि इफको प्रशासन ने दोनों मृतकों के परिजनों को इफको में नौकरी देने और एक-एक लाख रुपये नकद आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। साथ ही प्रबंध निदेशक की ओर से पांच लाख रुपये की मदद का आश्वासन दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मृतकों में घटना स्थल पर मरने वाले व्यक्ति की पहचान प्रदीप (40) के रूप में की गई है, जबकि अस्पताल में मरने वाले व्यक्ति की पहचान बाबूजी यादव (30) के रूप में की गई है। प्रबंध निदेशक ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
इस बीच, फूलपुर सांसद केसरी देवी पटेल ने अपने संसदीय क्षेत्र फूलपुर स्थित इफको में बॉयलर फटने की घटना को दुखद बताते हुए गहरी संवेदना प्रकट की।
सांसद के मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव ने बताया कि पटेल ने दिल्ली से प्रयागराज के प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर घायलों का हाल-चाल जाना।
जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी के निर्देश पर एडीएम सिटी अशोक कुमार कनौजिया और सिटी मजिस्ट्रेट रजनीश मिश्र ने फूलपुर इफको में घटित घटना में घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अलग अलग अस्पतालों का भ्रमण किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY