एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सिद्धार्थनगर में 11वीं कक्षा की छात्रा का शव आम के बाग में मिला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सिद्धार्थनगर के खरगवार गांव की माधुरी देवी की शिकायत के मुताबिक, उनकी बेटी संध्या (17) शोहरतगढ़ के एक इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा की छात्रा थी।

देश की खबरें | सिद्धार्थनगर में 11वीं कक्षा की छात्रा का शव आम के बाग में मिला

सिद्धार्थनगर के खरगवार गांव की माधुरी देवी की शिकायत के मुताबिक, उनकी बेटी संध्या (17) शोहरतगढ़ के एक इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा की छात्रा थी।

उन्होंने शिकायत में बताया कि शुक्रवार को संध्या कॉलेज में वार्षिक परीक्षा देने के लिए सुबह आठ बजे घर से निकली थी।

उन्होंने कहा कि संध्या ने परीक्षा दी और बारह बजे कॉलेज छोड़ दिया, लेकिन वह शाम तक घर नहीं लौटी।

संध्या के न आने से चिंतित उसकी मां माधुरी देवी ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचित किया।

इस बीच शाम तक बेटी के घर नहीं लौटने की सूचना पाकर मुंबई जा रहे संध्या के पिता प्रहलाद बीच रास्ते से ही लौट आये। प्रहलाद शुक्रवार सुबह मुंबई जाने के लिए घर से निकले थे।

पुलिस ने बताया कि आशंका जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग में जहर देकर उसकी हत्या की गई है।

उसकी मां को संदेह है कि उसे जहर देकर मार दिया गया और उसके भाई को उसका शव आम के बगीचे में मिला। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्राची सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कांत सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामला दर्ज कर जांच के निर्देश दिये।

तहरीर के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और गांव के ही आरोपी अमित उपाध्याय को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है।

एसपी प्राची सिंह ने बताया कि शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। एसपी ने कहा कि जल्द ही मामले की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।

छात्रा ने स्कूल की वर्दी और नीली जैकेट पहन रखी थी और उसके हाथ में स्कूल बैग था। पुलिस ने कहा कि उसे जहर दिए जाने का संदेह है क्योंकि उसकी नाक के नीचे खून का हल्का धब्बा भी था। पुलिस ने बताया कि उसके शरीर पर चोट के भी कुछ निशान थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 10, 2024 11:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).