टोरंटो, 29 जुलाई कनाडा के अधिकारियों ने अपनी जांच में पाया है कि इस महीने की शुरुआत में जिस एक व्यक्ति की लाश मिली थी वह भारतीय परिवार सहित उन आठ लोगों से संबंधित है जो इस साल मार्च में कनाडा से अमेरिका में गैर कानूनी तरीके से दाखिल होने के दौरान डूब गए थे।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इस महीने उन्हें सेंट लॉरेंस नदी में एक शव मिला था जो केसी ओके नामक व्यक्ति का है। उन्होंने कहा कि यह व्यक्ति मार्च में लापता हो गया था और आखिरी बार उसे उस स्थान पर नाव चलाते हुए देखा गया था जहां दो प्रवासी परिवारों के शव मिले थे।
इन परिवारों में से एक एक परिवार भारत का निवासी था जबकि दूसरा रोमानिया का निवासी था।
भारतीय लोगों की पहचान उनके परिजनों ने प्रवीण चौधरी (50), दक्षाबेन चौधरी (45), उनकी बेटी विधि (23) और बेटे मीत (20) के रूप में की। पुलिस ने बताया कि ओके जब 29 मार्च को लापता हुआ था तो उसकी उम्र 30 साल थी। अधिकारियों के अनुसार, उसका शव तीन जुलाई को रोज द्वीप के पास नदी से मिला था लेकिन उसकी पहचान करने में कुछ समय लगा।
पुलिस के अनुसार, ओके को आखिरी बार क्यूबेक सीमा के नजदीक कॉर्नवॉल आइलैंड से नदी की पूर्वी दिशा में नीले रंग की नौका में सवार देखा गया था।
अधिकारियों ने बताया कि उसके परिवार ने अगले दिन गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और उसी दिन दो साल के बच्चे सहित छह लोगों के शव नदी में तैरते मिले तथा उसके अगले दिन दो और शव मिले।
पुलिस का मानना है कि संबंधित लोग नदी पार कर अमेरिका में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY