नयी दिल्ली, 26 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि सचिवालय भवन में विशेष सचिव (सतर्कता) वाईवीवीजे राजशेखर के कार्यालय से फाइलों की कथित ‘‘चोरी’’ के संबंध में पार्टी दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज करायेगी।
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में तिवारी ने कहा कि जरूरत पड़ी तो इस मामले में भाजपा अदालत का दरवाजा भी खटखटायेगी।
संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने वह कथित सीसीटीवी फुटेज भी दिखाया जिसमें राजशेखर के कार्यालय के बाहर 15-16 मई की दरमियानी रात को कुछ लोगों को फाइल ले जाते हुए देखा जा सकता है।
तिवारी ने आरोप लगाया, ‘‘यह सीसीटीवी केजरीवाल सरकार की पोल खोल देता है। राजशेखर के कार्यालय से फाइलें चुराई गईं और पास के एक कमरे में उनकी फोटोकॉपी कर ली गई क्योंकि अधिकारी उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों की जांच कर रहे हैं।’’
उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या ममता बनर्जी और शरद पवार जैसे विपक्षी नेताओं ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की ऐसी कार्रवाई का समर्थन किया है, जिसके पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने सेवाओं पर नियंत्रण के मामले में केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ उनका समर्थन मांगा था।
इस मामले पर केजरीवाल की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही दिल्ली पुलिस आयुक्त से मुलाकात करेगा और इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करेगा।
राजशेखर ने 15-16 मई की दरमियानी रात को सचिवालय में उनका कार्यालय खोलने और फोटोकॉपी के लिए वहां रखी ‘‘संवेदनशील फाइलों’’ को ले जाने के संबंध में अपने वरिष्ठों को एक रिपोर्ट भेजी है। रिपोर्ट में उन्होंने आशंका जताई है कि घटना के दौरान फाइलों से शायद छेड़छाड़ की गई होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY