मोतिहारी, 08 मार्च भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पार्टी मामलों के प्रभारी राधा मोहन सिंह ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी राज्य में पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद अब सत्ता में वापसी कर इतिहास रचने को तैयार है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह उत्तर प्रदेश में अंतिम चरण के मतदान के बाद यहां अपने लोकसभा क्षेत्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे । अधिकतर एग्जिट पोल में भाजपा की जीत की संभावना बतायी गयी है।
उन्होंने कहा, ‘‘योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरी बार पहले मुख्यमंत्री बनने की राह पर हैं। भाजपा पांच साल तक सत्ता में रहने के बाद उत्तर प्रदेश में किसी भी पार्टी के सत्ता में वापस नहीं होने के पूर्व के इतिहास को बदलेगी ।’’
देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तरप्रदेश में योगी के अलावा उनके पूर्ववर्ती अखिलेश यादव: (सपा) और मायावती (बसपा) ही मुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल पूरा कर पाए हैं।
सिंह ने हालांकि इस सवाल को टाल दिया कि क्या हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के एआईएमआईएम के आने से उत्तर प्रदेश में भाजपा की संभावनाओं को नुकसान पहुंचा है या नहीं।
ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने 403 सदस्यीय उत्तरप्रदेश विधानसभा के चुनाव में लगभग 100 उम्मीदवारों को मैदान में उतारे हैं। उनकी पार्टी पर भाजपा की ‘‘बी टीम’’ के रूप में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण कर मुस्लिम वोटों में सेंधमारी कर भगवा पार्टी की मदद करने के आरोप लगते रहे हैं ।
अनवर
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY