भोपाल, 12 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के खिलाफ उनके उस सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है, जिसमें उन्होंने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया है।
प्रियंका के आरोप को झूठा बताते हुए मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेता से आरोप का समर्थन करने वाले सबूत मांगे और चेतावनी दी कि राज्य सरकार और भाजपा के सामने कानूनी कार्रवाई के विकल्प खुले हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विपक्षी दल सोशल मीडिया पर ‘‘झूठ’’ फैला रहा है। जबकि, मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने दावा किया कि भ्रष्टाचार के हजारों मामले हैं।
भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख वी.डी. शर्मा ने आरोप लगाने के लिए सोशल मीडिया पोस्ट में एक फर्जी पत्र का हवाला देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
हालांकि, कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने कहा कि वह साबित करेगी कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार भ्रष्ट है और उसने सत्तारूढ़ दल पर ‘‘राजनीतिक आतंक’’ पैदा करने का भी आरोप लगाया।
प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को ट्विटर पर दावा किया कि मध्य प्रदेश के ठेकेदारों के एक संघ ने उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि उन्हें 50 प्रतिशत कमीशन देने के बाद ही भुगतान मिलता है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कर्नाटक की भ्रष्ट भाजपा सरकार 40 प्रतिशत कमीशन वसूलती थी। मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया अब मध्य प्रदेश की जनता 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को सत्ता से हटाएगी।’’
इस आरोप का जवाब देते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस बिना किसी मुद्दे के ‘‘घृणित मानसिकता के साथ’’ राजनीति कर रही है।
मंत्री ने दावा किया, ‘‘प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने पहले राहुल गांधी से झूठ बुलवाया और अब प्रियंका गांधी से झूठा पोस्ट करवाया। प्रियंका जी, अपने पोस्ट में लगाए गए आरोपों का सबूत दें, अन्यथा हमारे पास (कानूनी) कार्रवाई के लिए सभी विकल्प खुले हैं।’’
उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखने वाले उस व्यक्ति या ठेकेदार का नाम बताना चाहिए जिसका जिक्र उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में किया है।
पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा नेता शर्मा ने कांग्रेस पर ‘‘सत्ता की भूखी होने और झूठ बोलकर सत्ता में आने’’ के लिए बेताब होने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘यह एक साजिश है और भाजपा इस पोस्ट को लेकर साइबर अपराध के तहत कार्रवाई करेगी...उन्हें बताना होगा कि उन्हें यह पत्र कहां से मिला। आपने (प्रियंका गांधी) एक फर्जी पत्र के आधार पर ना केवल मध्य प्रदेश, बल्कि देश को गुमराह किया है।’’
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व को इस पर जवाब देना होगा, भाजपा इस संबंध में कानूनी कार्रवाई करेगी।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष के.के. मिश्रा ने कहा कि उनकी पार्टी यह साबित कर देगी कि भाजपा सरकार भ्रष्ट है।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा को वास्तविकता स्वीकार करनी चाहिए, लेकिन सत्तारूढ़ दल ‘राजनीतिक आतंक’ पैदा कर रहा है...यह असंवैधानिक तरीके अपना रहा है। हम साबित कर देंगे कि सरकार भ्रष्ट है।’’
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर सोशल मीडिया पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया।
शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से पत्र मिलने के बाद, चौहान ने कहा कि उन्होंने खुफिया विभाग को ग्वालियर के उस व्यक्ति और संगठन, लघु एवं मध्यम श्रेणी संविदाकार संघ का पता लगाने के लिए कहा, जिसने उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखा था।
चौहान ने पत्र को फर्जी बताते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए इस पत्र में जिस व्यक्ति और संगठन का जिक्र किया गया है उसका कोई अस्तित्व नहीं है, यह सोशल मीडिया के जरिए लोगों को गुमराह करने की कांग्रेस की रणनीति है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने संवाददाताओं से कहा कि भ्रष्टाचार के हजारों मामले हैं। वे कितने मामले दायर करेंगे? जब भ्रष्टाचार के मामले उजागर हो रहे हैं तो उनके (भाजपा) पास कोई विकल्प नहीं बचता।
इस बीच, प्रदेश भाजपा मीडिया सेल प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अपराध शाखा कार्यालय पहुंचा और प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की, जिन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी की छवि खराब करने के लिए सोशल मीडिया पर फर्जी पत्र साझा किया।
मध्य प्रदेश में इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY