कोलकाता, 19 जुलाई पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को दावा किया कि बेंगलुरु में विपक्षी पार्टियों की हुई बैठक और उसमें शामिल 26 गैर भारतीय जनता पार्टियों द्वारा ‘इंडिया’ नाम से गठबंधन बनाने की घोषणा से भगवा पार्टी भयभीत होकर कांप रही है।
भाजपा ने संभावना जताई है कि अगले पांच महीने में पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस की सरकार गिर जाएगी। इसकी पृष्ठभूमि में बनर्जी ने बुधवार को भगवा दल को चुनौती देते हुए कहा कि उनकी सरकार गिराने की कोशिश करने से पहले वह एक गिलास तो पलट कर दिखाए।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘ भाजपा का काम केवल संघर्ष, हिंसा पैदा करना और लोगों को धर्म के आधार पर विभाजित करना है। जनता उसके खिलाफ मतदान कर बदला लेगी। ‘इंडिया’ चुनौती का सामना करेगी।’’
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की दिशा तय करने के मकसद से बुधवार को 26 गैर भाजपा पार्टियों ने इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया)बनाने की घोषणा की थी।
ममता बनर्जी ने कहा, ‘‘ उनसे (भाजपा) एक गिलास तो पलटने को कहिए और उसके बाद मेरी सरकार गिराने की कोशिश करें। उन्हें एहसास होगा कि उनकी केंद्र की सरकार जल्द गिर जाएगी। कल से (इंडिया के गठबन के बाद से) भाजपा का खेमा भय से कांप रहा है।’’
भाजपा के शांसद शांतनु ठाकुर ने रविवार को कहा था कि तृणमूल कांग्रेस पांच महीने से अधिक नहीं टिकेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY