देश की खबरें | कर्नाटक में 2023 के चुनाव में बहुमत के लिये पुराने मैसुरू पर ध्यान केंद्रित करेगी भाजपा : रवि

बेलगावी, 28 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी कर्नाटक में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुराने मैसुरू क्षेत्र में विशेष ध्यान केंद्रित करेगी क्योंकि पार्टी ने यह महसूस किया है कि इलाके के लोगों का विश्वास जीते बगैर वह बहुमत हासिल नहीं कर सकती है ।

रवि ने यह भी कहा कि वोक्कालिगा समुदाय के प्रभुत्व वाले इस इलाके में भारतीय जनता पार्टी विकास और हिंदुतव के एजेंडे के साथ लोगों के समक्ष जायेगी, जहां माना जाता है कि पार्टी कमजोर है ।

उनकी यह टिप्पणी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 30 दिसंबर को मांड्या और 31 दिसंबर को देवनहल्ली के निर्धारित दौरे के मद्देनजर आई है।

एक सवाल के जवाब में भाजपा महासचिव ने कहा, ‘‘अमित शाह जैसे कुशल खिलाड़ी किसी भी पिच पर शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं। हम लोग पुराने मैसुरू क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हमने 2008 और 2018 के चुनावों से महसूस किया है कि इस क्षेत्र में लोगों का विश्वास जीते बिना हमें बहुमत नहीं मिल सकता है। इसलिये, हम पूरे राज्य पर ध्यान केंद्रित करते हुये पुराने मैसुरू क्षेत्र में विशेष ध्यान देंगे ।’’

रवि ने संवाददाताओं से यहां बातचीत करते हुये र कहा कि मांड्या, मैसुरू, हासन, कामराजनगर, बेंगलुरू देहात, कोलार और चिक्कबल्लापुर जिलों में और सीटें जीतने की दिशा में भाजपा काम करेगी ।

वोक्कालिगा समुदाय के प्रभुत्व वाले क्षेत्र के बारे में माना जाता है कि यह जद (एस) का मजबूत गढ़ है जहां कांग्रेस भी मजबूत है ।

वोक्कालिगा समुदाय के आरक्षण को चार फीसदी से बढ़ाकर 12 प्रतिशत करने की मांग के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है, हम एक ऐसा फॉर्मूला खोजेंगे जहां सभी को न्याय मिले।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)