बेंगलुरु, तीन मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत के सोमवार को कर्नाटक विधानसभा में दिए गए परंपरागत अभिभाषण की आलोचना करते हुए इसे ‘‘सरासर झूठ’’ बताया।
पार्टी ने दावा किया कि राज्य में विकास थम गया है, लेकिन सरकार द्वारा तैयार किए गए अभिभाषण में दावा किया गया है कि राज्य विकास के पथ पर अग्रसर है।
भाजपा की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर आप राज्यपाल के अभिभाषण को सुनेंगे (तो आपको पता चलेगा) कि सरकार ने राज्यपाल का समय बर्बाद किया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘राज्यपाल के अभिभाषण की शुरुआत इस बात से होती है कि राज्य सरकार प्रदेश में तेजी से विकास सुनिश्चित करने में सफल रही है। सरकार ने राज्यपाल के अभिभाषण को सरासर झूठ बना दिया।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि भाषण में विकास से संबंधित कुछ भी नहीं था।
विजयेंद्र ने कहा, ‘‘विकास के मामले में सरकार की कार्यप्रणाली ढीली पड़ गई है, जो राज्यपाल के अभिभाषण में झलकती है।’’
विजयेंद्र ने कहा कि सरकार ने पशुपालन क्षेत्र के लिए प्रोत्साहन का प्रस्ताव रखा है, हालांकि उसने डेयरी किसानों को मिलने वाले हजारों करोड़ रुपये अब तक वितरित नहीं किए हैं।
विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि सरकार ने कहा है कि उसने क्षेत्रीय असंतुलन को दूर करने के लिए 90,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया है कि कितना खर्च किया गया।
विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘यह एक नाकाम सरकार है क्योंकि राज्य में शून्य विकास हुआ है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY