देश की खबरें | भाजपा अध्यक्ष नड्डा कोटा पहुंचे, संभाग पदाधिकारियों की बैठक में भाग लेंगे

कोटा, 18 अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा बुधवार को कोटा पहुंचे जहां वह संभाग के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

नड्डा कोटा हवाईअड्डे पहुंचे जहां पार्टी नेताओं और महिला मोर्चा के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। उसके बाद नड्डा एक होटल पहुंचे, जहां कोटा और बूंदी जिले के पार्टी पदाधिकारियों की पहली बैठक शुरू हुई। दूसरे दौर में नड्डा बारां और झालावाड़ के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

बैठक में प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी, स्थानीय विधायक, जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि बैठक में कोटा संभाग सहित हाड़ौती क्षेत्र की 17 सीटों पर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही इस बैठक में संगठन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी।

नड्डा बुधवार शाम अजमेर के किशनगढ़ जाएंगे जहां अजमेर के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

कोटा संभाग के सभी चार जिले उन 13 जिलों में से हैं जो पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) के अंतर्गत आते हैं, जिसके लिए राजस्थान की कांग्रेस सरकार केंद्र से राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा मांग रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को बारां जिले से ईआरसीपी पर जनजागरण अभियान की शुरुआत की थी।

ईआरसीपी एक महत्वाकांक्षी परियोजना है जिससे लगभग 2 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं को बढ़ाने में मदद मिलेगी, साथ ही इससे कोटा संभाग सहित पूर्वी राजस्थान के 13 जिलों में पीने के पानी की समस्याओं का समाधान होगा।

इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का विधानसभा क्षेत्र- झालरापाटन (झालावाड़) भी इसी संभाग में है। पार्टी ने राजे की भूमिका के बारे में कोई स्पष्टता नहीं दी है। राजे को मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे देखा जा रहा है। हालांकि, पार्टी ने साफ कर दिया है कि चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे और पार्टी चिह्न 'कमल' पर लड़ा जाएगा।

वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी कोटा से आते हैं। वह कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि राजे के बेटे दुष्यंत सिंह झालावाड़-बारां से लोकसभा सदस्य हैं।

इसके अलावा, अशोक गहलोत सरकार के तीन मंत्री शांति धारीवाल (कोटा), प्रमोद जैन भाया (बारां) और अशोक चांदना (बूंदी) भी कोटा संभाग से हैं। इसको देखते हुए नड्डा का यह दौरा अहम माना जा रहा है।

राजस्‍थान में सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में 25 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।

भाजपा ने पहली सूची में 41 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। हालांकि, कोटा संभाग से अभी तक किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। कोटा संभाग को भाजपा का गढ़ माना जाता है और इस संभाग में पार्टी के कुल 17 में 10 विधायक हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)