पुणे, 23 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक मुक्ता तिलक का शुक्रवार को महाराष्ट्र के पुणे शहर में स्थित विद्युत शवदाहगृह में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनका कल यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था।
उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने केसारीवादी में मुक्ता तिलक को श्रद्धांजलि दी जहां लोगों के आखिरी दर्शन के लिए उनका पार्थिक शरीर रखा गया था।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, राज्य के मंत्रियों, चंद्रकांत पाटिल, गिरीश महाज तथा अन्य भाजपा नेता मुक्ता तिलक के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
मुक्ता (57) पांच साल से कैंसर से जूझ रही थीं और कल एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्हें दस दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह पुणे के कसबा निर्वाचन क्षेत्र की विधायक थीं।
वर्ष 2019 में विधायक बनने से पहले मुक्ता तिलक पुणे की महापौर थीं। वह स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य तिलक के पड़पोते की पत्नी थीं।
एक स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता ने बताया कि मुक्ता के परिवार में पति शैलेष तिलक, एक बेटी और एक बेटा है।
बीमार रहने के बावजूद मुक्ता इस साल मई और जून में क्रमश: राज्यसभा और महाराष्ट्र विधान परिषद के चुनावों में वोट डालने के लिए पुणे से मुंबई गयी थीं। इस बात को लेकर राजनीतिक गलियारे में उनकी सराहना हुई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY