देश की खबरें | भाजपा विधायक ने गुजरात सरकार से खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ सख्त कानून लाने की अपील की

अहमदाबाद, 28 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री किशोर कनानी ने गुजरात सरकार से मिलावटी खाद्य पदार्थ बनाने और बेचने में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानून लाने का आग्रह किया है।

सूरत की वराछा रोड सीट से विधायक कनानी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को लिखे पत्र में खाद्य मिलावट के लिए पकड़े गए लोगों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 304 के तहत ‘गैर इरादतन हत्या’ का मामला दर्ज करने की मांग की है।

हाल के महीनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हजारों किलोग्राम मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त किये गये हैं, जिसके बाद विधायक ने यह मांग की।

कनानी ने कहा, ‘‘हाल की कुछ घटनाओं से पता चलता है कि खाद्य पदार्थों में बड़े पैमाने पर मिलावट हो रही है। रेहड़ी-पटरी वालों द्वारा बेचे जाने वाले पनीर, ब्रेड, तेल, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री सहित मिलावटी खाद्य पदार्थों को खाने से लोगों का स्वास्थ्य खतरे में है।’’

उन्होंने कहा कि अपराधियों को दंडित करने के लिए मौजूदा कानूनी प्रावधान पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि अधिकारी संदेह के आधार पर नमूने एकत्र करते हैं और उन्हें फॉरेंसिक विश्लेषण के लिए भेजते हैं, लेकिन नतीजे काफी समय बाद आते हैं।

उन्होंने कहा कि नतीजे सामने आने तक हजारों लोग मिलावटी भोजन खा चुके होते हैं और इससे वे गंभीर बीमारियों से पीड़ित हो जाते हैं और यहां तक कि उनकी मौत भी हो जाती है।

कनानी ने 25 मई को लिखे पत्र में कहा, ‘‘मैं मांग करता हूं कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के लिए पकड़े गए लोगों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए। अपराधियों के बीच डर पैदा करने के लिए ऐसी सख्त सजा की जरूरत है और खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने का यही एकमात्र तरीका है।’’

अधिकारियों ने बताया कि राज्य के विभिन्न शहरों में नगर निकायों द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट के कई मामलों के अलावा, गुजरात में खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन (एफडीसीए) के समक्ष भी पिछले कुछ महीनों में खाद्य पदार्थों में मिलावट के कई मामले सामने आये हैं।

एफडीसीए के हाल के अभियान में 12 मई को सूरत के कडोदरा इलाके में एक फर्म से 3,057 किलोग्राम मिलावटी मसालों को जब्त किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)