ताजा खबरें | भाजपा नीत केन्द्र सरकार संविधान बदलने पर तुली है: प्रियंका गांधी
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केन्द्र सरकार संविधान को बदलने पर तुली हुई है और उसने पिछले 10 वर्ष में संसद और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं को कमजोर किया है।
गोड्डा (झारखंड), 22 मई कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केन्द्र सरकार संविधान को बदलने पर तुली हुई है और उसने पिछले 10 वर्ष में संसद और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं को कमजोर किया है।
वाद्रा ने गोड्डा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यह भी दावा किया कि केंद्र की नीतियों का विरोध करने वाले सभी लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा,‘‘ अगर वे (भाजपा) दोबारा सत्ता में आए तो संविधान बदल देंगे और आरक्षण में कटौती करेंगे। उन्होंने पिछले 10 वर्ष में लोकतंत्र के साथ-साथ संसद और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं को भी कमजोर कर दिया है।’’
वाद्रा ने कहा कि भाजपा सरकार से भिन्न कांग्रेस की नीतियों का उद्देश्य आदिवासियों के अधिकारों को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा,‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झूठे मामले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भिजवा दिया। उनकी पत्नी कल्पना शेरनी की तरह लड़ रही हैं....पहले कानून बनाने के लिए संसद में बहस होती थी लेकिन अब वे (भाजपा नेता) विपक्ष पर हमला करते हैं।’’
उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री ने कोविड टीके बनाने वाली एक कंपनी से ‘‘52 करोड़ रुपये का चंदा’’ लिया। उन्होंने कहा, ‘‘यह टीका अब लोगों के शरीर में दुष्प्रभाव पैदा कर रहा है; कई लोगों की जिम में कसरत करते हुए या काम के दौरान अचानक मौत हो गई।’’
वाद्रा ने कहा कि भाजपा ने हेमंत सोरेन को सलाखों के पीछे डालकर सोचा था कि वह आसानी से आगे बढ़ जाएगी, लेकिन इसके बजाय, “आदिवासी मजबूत होकर उभरे हैं और भाजपा को उसकी आदिवासी विरोधी नीतियों के लिए चुनौती दे रहे हैं।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अरबपतियों के लिए नीतियां बना रही है और उसने हवाईअड्डों और बंदरगाहों जैसी देश की संपत्तियों को उद्योगपतियों को बेच दिया है। इस सरकार ने कई अरबपतियों के 16 लाख करोड़ रुपये भी माफ कर दिए, लेकिन आत्महत्या कर रहे किसानों को कोई राहत नहीं दी।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पूंजीपतियों की नजर आपके जल, जंगल और जमीन पर है और गोड्डा इसका उदाहरण है, जहां अडाणी समूह ने ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया है लेकिन यहां गरीबों के लिए बिजली उपलब्ध नहीं है।’’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘आपकी जमीन, आपका पानी… प्रधानमंत्री के अरबपति दोस्त अडाणी को दे दिया गया है… और यही भाजपा की नीति है।’’
उन्होंने यह भी दावा किया कि देश में 70 करोड़ युवा बेरोजगार हैं क्योंकि भाजपा ने देश की संपत्ति पूंजीपतियों को सौंप दी है।
वाद्रा ने गोड्डा से भाजपा उम्मीदवार निशिकांत दुबे का नाम लिए बिना उन पर कटाक्ष किया और कहा कि हालांकि वह क्षेत्र में कभी मौजूद नहीं होते हैं, लेकिन वह ‘‘पूंजीपतियों की आवभगत में व्यस्त’’ रहते हैं।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए काम करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)