एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भाजपा नेता शुभेन्दु अधिकारी ने मालदा में हिंसा प्रभावित मोथाबाड़ी का दौरा किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेन्दु अधिकारी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबाड़ी इलाके का दौरा किया और हाल में दो समूहों के बीच हुई झड़पों के प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।

देश की खबरें | भाजपा नेता शुभेन्दु अधिकारी ने मालदा में हिंसा प्रभावित मोथाबाड़ी का दौरा किया

मालदा (पश्चिम बंगाल), 11 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेन्दु अधिकारी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबाड़ी इलाके का दौरा किया और हाल में दो समूहों के बीच हुई झड़पों के प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।

विधानसभा में विपक्ष के नेता अधिकारी ने कहा कि जिला पुलिस अधीक्षक को भेजे गए पत्र का कोई जवाब नहीं मिलने के बाद उन्हें मोथाबाड़ी का दौरा करने के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय की अनुमति लेनी पड़ी।

अधिकारी ने प्रभावित परिवारों से कहा कि वे ‘‘कानून पर भरोसा रखें।’’ साथ ही उन्होंने लोगों से एकजुट रहने की अपील की। भाजपा नेता ने मार्च के अंतिम सप्ताह में हुई झड़पों से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता और अन्य राहत सामग्री भी दी।

अधिकारी ने कहा कि वह उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार ‘कालियाचक 2 ब्लॉक’ के मोथाबाड़ी में कुल चार स्थानों पर जाएंगे। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हिंसा के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराने को भी कहा।

मोथाबाड़ी में एक शोभायात्रा के एक धार्मिक स्थल से गुजरने के बाद हिंसा भड़क उठी जिसके बाद आगजनी और तोड़फोड़ की गई और लोगों पर भी हमले किए गए।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल और त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) के जवानों को तैनात किया गया था और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थीं। हिंसा के सिलसिले में 60 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इससे पहले, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार के नेतृत्व वाले एक प्रतिनिधिमंडल को हिंसा प्रभावित इलाके का दौरा करने से रोक दिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 11, 2025 01:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).