लातेहार, 12 अगस्त झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार शाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता को गोली मार दी गई और उनकी हालत गंभीर है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू को शाम को करीब छह बजे गोली मारी गई। यह घटना बालूमाथ थाना अंतर्गत दून स्कूल के पास की है।
पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने कहा कि साहू को पैर, कमर और पेट में गोली लगी है।
पुलिस ने कहा कि दो लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे और साहू पर गोली चला दी पर हमलावरों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘घटना के बाद ग्रामीण साहू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गये। लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उन्हें रांची स्थित रिम्स के लिए रेफर कर दिया गया।’’
उन्होंने कहा कि इस घटना की हर संभावित कोण से जांच की जा रही है और हमलावरों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY