बेंगलुरु, 10 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई ने उन पार्टी कार्यकर्ताओं को कानूनी सहायता पहुंचाने के लिए शनिवार को ‘हेल्पलाइन नंबर’ की शुरुआत की, जिनके खिलाफ राज्य की कांग्रेस सरकार ने ‘झूठे मामले’ दर्ज किये हैं।
भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने हेल्पलाइन शुरू करने के बाद कहा कि यह सेवा पार्टी कार्यकर्ताओं को उनके खिलाफ दर्ज पुलिस मामूलों का कानूनी ढंग से मुकाबला करने में सहयोग पहुंचाने के लिए प्रारंभ की गयी है।
सूर्या ने कहा कि हेल्पलाइन नंबर 18003091907 ‘कांग्रेस सरकार की प्रतिशोध की राजनीति’ के विरूद्ध शुरू की गयी है।
भाजपा सांसद सूर्या ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जब से सिद्धरमैया नीत कांग्रेस सरकार ने कर्नाटक में शासन की कमान संभाली है तब से विपक्ष खासकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो-तीन सप्ताह में, कर्नाटक के वरिष्ठ मंत्री भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकार की नीतियों के खिलाफ बयान देने पर सख्त कानूनी एवं पुलिस कार्रवाई की चेतावनी दे रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ हमने दो ऐसी घटनाएं देखी हैं जहां हमारे कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के विरूद्ध ट्वीट करने, उनका कार्टून बनाने और व्हाट्सअप पर प्रदर्शित करने पर पुलिस निर्ममता एवं पुलिस कार्रवाई का सामना किया।’’
सूर्या ने यह भी आरोप लगाया कि कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि राज्य के तटीय क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से प्रेरित कई संगठनों से निर्ममता से निपटा जाएगा तथा सरकार की ऐसे संगठनों एवं उनके सदस्यों से निपटने के लिए विशेष कार्यबल बनाने की मंशा है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘ ऐसा लगता है कि कर्नाटक के गृह मंत्री सीधे पीएफआई से आदेश ले रहे हैं और इस प्रकार की टिप्पणियां कर रहे हैं। हम अतीत में कट्टरपंथी आतंकवादी तत्वों द्वारा भाजपा/आरएसएस कार्यकर्ताओं की नृशंस हत्या देख चुके हैं। तब कांग्रेस पार्टी सरकार ने उचित तरीके से प्राथमिकी दर्ज नहीं की, ठीक से जांच नहीं की तथा प्राथमिकी में शिथिलता बरती, ढीले-ढाले आरोपपत्र दाखिल किये गये ताकि उन अपराधों के गुनहगार छूट जाएं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY