साम्प्रदायिक कट्टरता’’ के अलावा कुछ नहीं जानती भाजपा, इसे वोट न देंः मुख्यमंत्री राव
तेलंगाना के मुख्यमंत्री एवं भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) प्रमुख के. चंद्रशेखर राव ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ‘‘सांप्रदायिक कट्टरता’’ के अलावा कुछ भी नहीं जानती है और उन्होंने लोगों से उसे (भाजपा को) वोट न देकर सबक सिखाने का अनुरोध किया.
करीमनगर (तेलंगाना), 17 नवंबर : तेलंगाना के मुख्यमंत्री एवं भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) प्रमुख के. चंद्रशेखर राव ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ‘‘सांप्रदायिक कट्टरता’’ के अलावा कुछ भी नहीं जानती है और उन्होंने लोगों से उसे (भाजपा को) वोट न देकर सबक सिखाने का अनुरोध किया. राव ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बिना किसी का नाम लिए कहा, ''हिंदू धर्म'' के नाम पर लोगों के बीच मतभेद उत्पन्न किये जा रहे हैं और सवाल किया कि क्या देश में ऐसी स्थिति की जरूरत है. कांग्रेस को ‘‘धोखेबाज पार्टी’’ बताते हुए उन्होंने कहा कि इसने 58 वर्षों तक तेलंगाना के लोगों को परेशान किया और आरोप लगाया कि 1969 में अलग राज्य के लिए आंदोलन में 400 लोगों की गोली मारकर जान ले ली गई थी. उन्होंने यह भी कहा कि देश में मस्जिदें खोदी जा रही हैं और सवाल किया कि क्या अच्छी संस्कृति वाला कोई व्यक्ति ऐसा करेगा.
उन्होंने लोगों से भाजपा को वोट नहीं देने की अपील करते हुए कहा, ‘‘लोगों को भारतीय जनता पार्टी के बारे में सोचना चाहिए. सांप्रदायिक कट्टरता के अलावा उस पार्टी को कुछ भी पता नहीं है...प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस देश में 157 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए हैं. एक भी कॉलेज तेलंगाना को नहीं दिया गया. मैंने सैकड़ों पत्र लिखे.’’ लोकसभा में करीमनगर का प्रतिनिधित्व करने वाले तेलंगाना के पूर्व भाजपा अध्यक्ष बंडी संजय कुमार का नाम लिए बिना राव ने लोगों से शहर की प्रगति की तुलना करने के लिए कहा जब पहले बीआरएस इसका प्रतिनिधित्व कर रहा था. उन्होंने सवाल किया, ‘‘आप वर्तमान सांसद और पिछले सांसद, हमारे विनोद (बी विनोद कुमार) की तुलना करें जिन्होंने करीमनगर को स्मार्ट सिटी कार्यक्रम में शामिल किया था. अब कोई स्मार्ट सिटी नहीं है, केवल कब्र खोदी जा रही हैं और मस्जिदें खोदी जा रही हैं. हिंदू धर्म के नाम पर लोगों के बीच मतभेद उत्पन्न करना, क्या इस देश के लिए आवश्यक है?’’ यह भी पढ़ें : दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल पर हमला करने के आरोप में हरियाणा के दो लोग गिरफ्तार
उन्होंने कहा कि अब अविभाजित करीमनगर जिले में चार मेडिकल कॉलेज हैं जबकि पहले कोई नहीं था. राव ने कहा कि वर्तमान में तेलंगाना में सालाना 10,000 डॉक्टर तैयार करने की क्षमता है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बीआरएस फिर से सत्ता में आएगी. राव ने कहा कि उन्होंने अब तक अपनी चुनावी रैलियों के साथ राज्य के 50 प्रतिशत हिस्से को कवर कर लिया है और हर जगह लोग जयकार कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं है (बीआरएस सत्ता में वापस आएगी). लोग कई बातें कहते हैं. हमें इसकी परवाह नहीं है. हम लोगों के साथ हैं व लोग हमारे साथ हैं और वे 30 नवंबर में तमाशा दिखाएंगे.’’ पिछले दशक में तेलंगाना की उपलब्धियों का वर्णन करते हुए, मुख्यमंत्री राव ने कहा कि राज्य अब प्रति व्यक्ति आय और बिजली खपत में नंबर एक स्थान पर है जो प्रगति का संकेतक है. चंद्रशेखर राव ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कहते हैं कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो एकीकृत भूमि प्रबंधन पोर्टल 'धरणी' को बंगाल की खाड़ी में फेंक दिया जाएगा, जिससे बिचौलियों की व्यवस्था वापस आ सकती है.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 17, 2023 05:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

