देश की खबरें | भाजपा ‘उधार की जनता पार्टी’ है, बंगाल में टीएमसी की जीत से 2024 में होगा बदलाव :यशवंत

कोलकाता, 26 मार्च पूर्व केंद्रीय मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के नवनियुक्त उपाध्यक्ष यशवंत सिन्हा का कहना है कि भाजपा ‘बॉरोड (उधार की) जनता पार्टी’ बन गयी है जो दूसरे दलों से आये नेताओं के सहारे चुनाव लड़ रही है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की जीत 2024 के लोकसभा चुनाव में बदलाव लाएगी।

सिन्हा ने कहा कि भाजपा के पास पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का मुकाबला करने के लिए कोई प्रामाणिक चेहरा नहीं है और वह बाहरी ‘शाह-मोदी’ पर निर्भर है।

उन्होंने कहा कि बंगाल में चुनाव जीतने की भाजपा की लालसा से साफ होता है कि उसकी केरल, तमिलनाडु और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में चुनाव जीतने की बहुत कम संभावनाएं हैं, वहीं असम में जहां वह सत्ता में है, उसकी जीत कोई बहुत बड़ी बात नहीं होगी।

सिन्हा ने दिनेश त्रिवेदी के तृणमूल कांग्रेस छोड़ने से खाली हुई राज्यसभा की सीट पाने के लिए तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने की धारणाओं को खारिज करते हुए कहा, ‘‘यह मेरे निर्णय को देखने का बहुत संकीर्ण तरीका है।’’

अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वित्त और विदेश मंत्री रहे सिन्हा ने कहा कि आज की भाजपा ‘दो लोगों’ द्वारा नियंत्रित है जिनके पास सारे अधिकार हैं।

उन्होंने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘भाजपा ने खुद को बंगाल में बॉरोड (उधार की) जनता पार्टी बना लिया है। वे दूसरे दलों से आये नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। उनके पास बंगाल में ममता बनर्जी की टक्कर का नेता नहीं है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)