देश की खबरें | पंचायत चुनाव में हार के बाद भय का माहौल बना रही भाजपा : अभिषेक बनर्जी

कोलकाता, 14 जुलाई तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल पंचायत चुनावों में हार के बाद भाजपा भय का माहौल बना रही है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा से जुड़े ‘‘गुंडे’’ न्यायपालिका से कानूनी संरक्षण मांग रहे हैं ताकि कानून प्रवर्तन एजेंसियां उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकें।

टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव बनर्जी ने कहा कि भाजपा अपना जनाधार खोने के बाद अब अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए हिंसा और दुर्भावनापूर्ण अभियान का सहारा ले रही है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हम किसी भी प्रकार की हिंसा के खिलाफ हैं। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से भाजपा ने पूरे राज्य में आतंक फैला रखा है। नंदीग्राम में, जहां भाजपा ने कुछ सीटें जीती हैं, पार्टी के गुंडों ने टीएमसी कार्यकर्ताओं को उनके घरों से बाहर निकालकर पीटा और उनके घरों की महिलाओं के साथ बलात्कार करने की धमकी दी।’’

नंदीग्राम विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी का विधानसभा क्षेत्र है।

बनर्जी ने दावा किया, ‘‘भाजपा से जुड़े ‘गुंडे’ कानून प्रवर्तन एजेंसियों को उनके खिलाफ कार्रवाई करने से रोकने के लिए न्यायपालिका से कानूनी सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। दुर्भाग्य से इन गुंडों को कानूनी संरक्षण मिल रहा है।’’

यह दावा करते हुए कि जान गंवाने वाले ज्यादातर लोग टीएमसी से जुड़े हैं, बनर्जी ने कहा कि भाजपा और उसकी एजेंसियों को जांच करनी चाहिए कि इन्हें किसने मारा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)