देश की खबरें | भाजपा ने मानगढ में शहीद स्मारक, संग्रहालय के लिये 12.6 करोड़ रुपये का बजट दिया था : अरूण चतुर्वेदी

जयपुर, नौ अगस्त भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी ने भारतीय जनता पार्टी की सरकारों द्वारा आदिवासियों के हित में किये गये काम गिनाते हुए बुधवार को कहा कि मानगढ में शहीद स्मारक, संग्रहालय निर्माण के लिए भाजपा ने 12.6 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया था।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मानगढ़ में हुई रैली पर कटाक्ष करते हुए चतुर्वेदी ने कहा कि वह साढे चार साल बाद राज्य में आदिवासी हितों की बात करने आये हैं।

चतुर्वेदी ने कहा, ‘‘आजादी के बाद पहली बार किसी आदिवासी महिला के रूप में द्रौपदी मुर्मु को भारत का राष्ट्रपति भाजपा ने बनाया। तत्कालीन वसुंधरा राजे नीत सरकार ने विश्व आदिवासी दिवस नौ अगस्त का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया और केंद्र की (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी नीत सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की।’’

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा (एसटी मोर्चा) के प्रदेश अध्यक्ष नारायण मीणा ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) ने सनातन संस्कृति से आदिवासियों को जोड़ने के लिए वनवासी की उपमा दी थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते नौ वर्षों में सबसे ज्यादा बजट जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए दिया है। जिसमें इस बजट सत्र में 1,200 करोड़ रुपये का प्रवधान किया गया है।’’

मीणा ने कहा कि कांग्रेस ने मानगढ़ और आदिवासियों को कभी महत्व नहीं दिया। राहुल गांधी को समझना चाहिए की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार ने अपने प्रत्येक बजट में आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में काम किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)