एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कर्नाटक की भाजपा सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है: राहुल गांधी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक में पार्टी नेताओं से एकजुट होकर काम करने और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में 150 सीट जीतने का लक्ष्य रखने का शुक्रवार को आह्वान किया।

देश की खबरें | कर्नाटक की भाजपा सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है: राहुल गांधी

बेंगलुरु, एक अप्रैल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक में पार्टी नेताओं से एकजुट होकर काम करने और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में 150 सीट जीतने का लक्ष्य रखने का शुक्रवार को आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी चुनावी रैलियों में भ्रष्टाचार की बात करते थे, लेकिन देश की ‘सबसे भ्रष्ट सरकार’ कर्नाटक में है, जिसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चलाती है।

गांधी ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस 225 सदस्यीय विधानसभा में भारी बहुमत से जीतेगी, और एक ऐसी सरकार बनाएगी जो गरीबों, कमजोर वर्गों, छोटे व्यापारियों, छोटे और मध्यम व्यवसायों के लिए काम करेगी और राज्य को एक बार फिर ‘‘सही रास्ते पर ले जाएगी’’।

यहां कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा, ‘‘हमारे मन में यह बात बहुत स्पष्ट होनी चाहिए कि हमें कम से कम 150 सीटें मिलने वाली हैं। ’’

उन्होंने कहा कि कर्नाटक में हमेशा पार्टी के समर्थन की भावना रही है और यह कांग्रेस की स्वाभाविक स्थिति है। उन्होंने कहा कि पसंद-नापसंद के आधार पर लोगों को बढ़ावा देने के बजाय पार्टी के लिए उन्होंने जो सेवा की है, उसके आधार पर लोगों को बढ़ावा देना बहुत जरूरी है।

गांधी ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि हमें पिछले उस इतिहास के आधार पर टिकट तय करनी चाहिए। मुझे लगता है कि हमें उस काम के आधार पर टिकट देना चाहिए जो वह आज पार्टी के लिए कर रहा है।’’

इस कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार, कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

गांधी ने कहा, ‘‘हमें एकजुट होकर और सही मुद्दों पर लड़ना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं सिद्धारमैया, डी. के. शिवकुमार, और मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य के लिए ‘‘सबसे बड़ी जिम्मेदारी’’ एकजुट होकर लड़ना और 150 सीटों पर जीत हासिल करना है।’’

बेरोजगारी, आर्थिक पतन, महंगाई को देश के सामने सबसे बड़े मुद्दे बताते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, नोटबंदी, गलत वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) और कृषि कानूनों ने देश को नुकसान पहुंचाया है और आज स्थिति ऐसी है कि भाजपा सरकार चाहे तो भी नौकरी नहीं दे सकती क्योंकि उन्होंने छोटे और मध्यम व्यवसायों को नष्ट कर दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत आज अपने युवाओं को रोजगार देने की स्थिति में नहीं है, इससे देश को सबसे बड़ा नुकसान हुआ है और आने वाले दिनों में इससे और भी बड़ा नुकसान होगा।’’

राज्य में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए गांधी ने कहा, यह वैध रूप से चुनी गई सरकार नहीं है, क्योंकि यह वित्तीय संसाधनों और छल-कपट का उपयोग करके बनाई गई है।

गांधी ने कहा, ‘‘आज अगर प्रधानमंत्री मोदी कर्नाटक आते हैं और भ्रष्टाचार के बारे में बोलते हैं, तो लोग हंस सकते हैं। यहां की भाजपा सरकार 40 फीसदी (कमीशन) के लिए जानी जाती है... मोदी का भ्रष्टाचार पर बोलना मजाक है, वह इस मुद्दे पर देश में कहीं भी नहीं बोल सकते।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जिम्मेदारी रोजगार जैसे वास्तविक मुद्दों को उठाना, अर्थव्यवस्था को सही करना और समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ लाना है। उन्होंने कहा, ‘‘वे (भाजपा) बांटते हैं, हम एकजुट करते हैं... हमें कर्नाटक में भी ऐसा करना चाहिए।’’

पार्टी में 60 लाख से अधिक सदस्यों और उनमें से अधिकांश युवाओं को नामांकित करने के लिए कांग्रेस की राज्य इकाई की सराहना करते हुए, उन्होंने कहा, आगामी चुनावों के दौरान पार्टी का ध्यान युवाओं और महिलाओं पर होना चाहिए, चाहे वह टिकट वितरण के मामले में हो या संगठन में।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 01, 2022 05:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).