देश की खबरें | भाजपा के पास चुनाव लड़ाने के लिए उम्मीदवार तक नहीं : अखिलेश यादव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के पास चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं हैं।
लखनऊ, 24 अप्रैल समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के पास चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं हैं।
सपा प्रमुख का यह बयान शाहजहांपुर से पार्टी की महापौर प्रत्याशी अर्चना वर्मा के भाजपा में शामिल होने के एक दिन बाद आया है। वर्मा रविवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भगवा दल में शामिल हो गयी थीं। भाजपा ने उन्हें अपना महापौर पद का उम्मीदवार घोषित किया है।
अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ‘‘दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का दावा करनेवालों का दिवालियापन देखिए कि उनके पास चुनाव लड़ाने के लिए प्रत्याशी तक नहीं है। इसका मतलब या तो भाजपा के पास कोई कार्यकर्ता नहीं है या फिर भाजपा में अपने कार्यकर्ताओं को टिकट न देकर अपमान करने की परंपरा है। भाजपा अंदरूनी लड़ाई में उलझी है।’’
पाठक ने अर्चना का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा था, ‘‘समाजवादी पार्टी ने अर्चना वर्मा को शाहजहांपुर से अपना महापौर प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन वह पार्टी की नीतियों से खुद को जोड़ने में असहज महसूस कर रही थीं। खास तौर पर सपा शासन के दौरान महिलाओं पर हुए अत्याचारों से उन्हें पीड़ा हुई। इसलिए उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया।’’
गौरतलब है कि शाहजहांपुर में दूसरे चरण के तहत 11 मई को मतदान होगा जबकि मतगणना 13 मई को प्रस्तावित है। उत्तर प्रदेश में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं और पहले चरण के तहत चार मई को मतदान होगा।
नगरीय निकाय चुनाव में महापौर की 17 सीटों, पार्षद की 1420, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष की 199, नगर पालिका परिषद सदस्य की 5327, नगर पंचायत अध्यक्ष की 544 और नगर पंचायत सदस्य की 7178 सीटों के लिए मतदान होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 24, 2023 07:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

