एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भाजपा ने ट्रंप के ‘बर्बाद अर्थव्यवस्था’ वाले बयान को दोहराने के लिए राहुल की आलोचना की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारत पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘डेड इकोनॉमी’ (बर्बाद अर्थव्यवस्था) वाले कटाक्ष को दोहराने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बृहस्पतिवार को आलोचना की और इसे देश के लोगों की आकांक्षाओं, उपलब्धियों और कल्याण का “शर्मनाक” तिरस्कार बताया।

देश की खबरें | भाजपा ने ट्रंप के ‘बर्बाद अर्थव्यवस्था’ वाले बयान को दोहराने के लिए राहुल की आलोचना की

नयी दिल्ली, 31 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारत पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘डेड इकोनॉमी’ (बर्बाद अर्थव्यवस्था) वाले कटाक्ष को दोहराने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बृहस्पतिवार को आलोचना की और इसे देश के लोगों की आकांक्षाओं, उपलब्धियों और कल्याण का “शर्मनाक” तिरस्कार बताया।

पार्टी ने राहुल से सवाल किया कि वह देश के हितों को कमजोर करने वाले विदेशी दुष्प्रचार को “क्यों दोहराते” हैं।

भाजपा की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है, जब राहुल ने केंद्र सरकार पर देश की आर्थिक नीति, रक्षा नीति और विदेश नीति को तबाह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को छोड़कर हर कोई जानता है कि भारत एक “बर्बाद अर्थव्यवस्था” है।

ट्रंप ने भारत और रूस के बीच दोस्ताना संबंधों को लेकर दोनों देशों पर निशाना साधते हुए कहा कि नयी दिल्ली और मॉस्को मिलकर अपनी “बर्बाद अर्थव्यवस्थाओं” को गर्त में ले जा सकते हैं। उन्होंने यह टिप्पणी भारत के खिलाफ 25 फीसदी शुल्क लगाने और रूस के साथ व्यापार के लिए उस पर “जुर्माना” थोपने की घोषणा करने के कुछ घंटों बाद की।

कांग्रेस नेता की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “राहुल गांधी ‘डेड इकोनॉमी’ वाला कटाक्ष दोहराकर और निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। यह भारतीय जनता की आकांक्षाओं, उपलब्धियों और कल्याण का शर्मनाक तिरस्कार है।”

उन्होंने लिखा, “लेकिन ईमानदारी से कहें, तो यहां वास्तव में केवल एक ही चीज ‘डेड’ है और वह है राहुल गांधी की राजनीतिक विश्वसनीयता और विरासत।”

मालवीय ने विभिन्न क्षेत्रों में वृद्धि दर्शाने वाले आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा, “यह ‘बर्बाद अर्थव्यवस्था’ नहीं है। यह एक उभरता हुआ, लचीला भारत है।”

उन्होंने दावा किया कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुस्ती के बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक ने देश के लिए अपने विकास अनुमानों को संशोधित किया है।

मालवीय ने कहा कि भारत के आर्थिक उत्थान को कमतर आंकने की राहुल की “लगातार जारी कोशिशें” सिर्फ “राजनीतिक प्रहार” भर नहीं हैं, बल्कि ये बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए कड़ी मेहनत कर रहे 140 करोड़ भारतीयों का “सीधा अपमान” हैं।

उन्होंने सवाल किया, “राहुल गांधी असल में किसकी तरफ से बोल रहे हैं? वह भारत के हितों को कमजोर करने वाले विदेशी दुष्प्रचार को क्यों दोहराते हैं?”

मालवीय ने कहा, “यह नेहरू-गांधी परिवार की गहराई से समाई हुई हीन भावना को त्यागने का समय है, जिसने भारत को दशकों तक निम्न महत्वाकांक्षा और विदेशी तुष्टीकरण की जंजीरों में जकड़े रखा है।”

उन्होंने कहा, “अब और नहीं। ‘न्यू इंडिया’ खुद पर भरोसा करता है---भले ही राहुल गांधी कभी न करें।”

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत विरोधी बयान देना राहुल की “मानसिकता” बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया, “दुनिया में जब भी कोई भारत विरोधी बयान देता है, तो वह (राहुल) उसे लपक लेते हैं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 31, 2025 07:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).