देश की खबरें | मूसेवाला हत्याकांड पर पंजाब के महाधिवक्ता की टिप्पणी पर भाजपा-कांग्रेस ने आप सरकार पर निशाना साधा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा और कांग्रेस ने शनिवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि भगवंत मान सरकार ने उच्चतम न्यायालय में स्वीकार किया है कि गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या उनकी सुरक्षा में कटौती के बाद की गई।

चंडीगढ़, चार मई भाजपा और कांग्रेस ने शनिवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि भगवंत मान सरकार ने उच्चतम न्यायालय में स्वीकार किया है कि गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या उनकी सुरक्षा में कटौती के बाद की गई।

भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ ने आरोप लगाया कि आप सरकार मूसेवाला की जघन्य हत्या के लिए जिम्मेदारी से बच नहीं सकती है, वहीं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि गायक की सुरक्षा कम करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

उनके बयान पंजाब के महाधिवक्ता (एजी) गुरमिंदर सिंह द्वारा शीर्ष अदालत में यह कहे जाने के एक दिन बाद आए हैं कि मूसेवाला की सुरक्षा कम किए जाने के बाद उनकी हत्या कर दी गई।

एजी शुक्रवार को प्रायोगिक आधार पर चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के आधिकारिक आवास के बाहर एक सड़क खोलने से संबंधित मामले में बहस कर रहे थे।

सिंह ने यह भी बताया कि 2022 में पुलिस आसूचना मुख्यालय पर हमला हुआ था और इमारत पर रॉकेट दागे गए थे।

शीर्ष अदालत ने सड़क खोलने पर रोक लगा दी है। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ ने कहा कि केंद्र और पंजाब सरकार दोनों ने सड़क खोलने का विरोध किया है, जो खतरे की आशंका के कारण 1980 के दशक से बंद है।

पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने सुखना झील को चंडीगढ़ के नयागांव से जोड़ने वाली 500 मीटर लंबी सड़क को परीक्षण के आधार पर 1 मई से खोलने का आदेश 22 अप्रैल को दिया।

सिद्धू मूसेवाला के नाम से प्रसिद्ध शुभदीप सिंह सिद्धू की 29 मई, 2022 को पंजाब के मनसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

जाखड़ ने एक बयान में कहा, “मान सरकार ने पहले सुरक्षा घटाई, फिर इसे बेशर्मी से प्रचारित किया और इस फैसले का श्रेय भी लिया। अब राज्य के महाधिवक्ता द्वारा अदालत में इस स्वीकारोक्ति के साथ, मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मूसेवाला की हत्या के लिए समान रूप से दोषी हैं।”

जाखड़ ने कहा, “इस सुरक्षा कटौती की सूचना आप के नेताओं द्वारा राजनीतिक लाभ पाने के लिए बेधड़क प्रसारित की गई।”

कांग्रेस नेता बाजवा ने उन लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की भी मांग की, जिन्होंने गायक की सुरक्षा में कमी से संबंधित जानकारी “लीक” की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

RSAW vs INDW, 1st T20I Match Pitch Report And Weather Update: किंग्समीड में दक्षिण अफ्रीका महिला बनाम भारत महिला मुकाबले में गेंदबाज दिखाएंगे दम या बल्लेबाज करेंगे रन की बारिश? यहां जानें पिच और मौसम का हाल

LHQ vs QTG, PSL 2026 26th Match Live Score Update: नेशनल स्टेडियम कराची में लाहौर कलंदर्स बनाम क्वेटा ग्लैडिएटर्स के बीच खेला जा रहा है रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

GT vs KKR, IPL 2026 25th Match Live Score Update: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जा रहा है रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

RSAW vs INDW, 1st T20I Match Preview: किंग्समीड में आज दक्षिण अफ्रीका महिला बनाम भारत महिला के बीच खेला जाएगा रोमांचक मुकाबला, मैच से पहले जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट समेत सभी डिटेल्स