एजेंसी न्यूज

भाजपा ने महाराष्ट्र में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए संगठनात्मक ढांचे में बदलाव किया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मुंबई नगर निकाय सहित आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले महाराष्ट्र में 58 संगठनात्मक जिला प्रमुखों और मुंबई के लिए 100 से अधिक मंडल प्रमुखों की नियुक्ति की घोषणा की है.

भाजपा ने महाराष्ट्र में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए संगठनात्मक ढांचे में बदलाव किया
(Photo Credits Twitter)

मुंबई, 14 मई : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मुंबई नगर निकाय सहित आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले महाराष्ट्र में 58 संगठनात्मक जिला प्रमुखों और मुंबई के लिए 100 से अधिक मंडल प्रमुखों की नियुक्ति की घोषणा की है. पार्टी नेताओं ने कहा कि इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों, खासकर मुंबई में संगठनात्मक ढांचे का पुनर्गठन करना है. इसके तहत मंडलों के आकार में बदलाव किया गया है और मंडल अध्यक्षों की अधिकतम उम्र 45 वर्ष तय की गई है ताकि युवा मतदाताओं को आकर्षित किया जा सके.

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नियुक्तियों की घोषणा करते हुए इस बात पर जोर दिया कि नए जिला प्रमुख आगामी चुनावों पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जिसमें नगर निगम, परिषद और जिला परिषद शामिल हैं. यह भी पढ़ें : NIA ने मणिपुर में दो अलग-अलग हत्या की घटनाओं में शामिल तीन आतंकवादियों को किया गिरफ्तार

मुंबई के एक भाजपा नेता ने कहा, ‘‘नए पदों के सृजन से पार्टी को दीर्घकाल में लाभ होगा, क्योंकि इन लोगों के बीच से नया नेतृत्व उभरेगा.’’ बृहन्मुंबई महानगर पालिका के पूर्व पार्षद और भाजपा प्रवक्ता भालचंद्र शिरसाट ने कहा कि पार्टी ने मंडल प्रमुखों के लिए अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष निर्धारित की है. मुंबई में कुल 108 मंडल प्रमुखों में से एक तिहाई महिलाएं हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2025 12:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).