देश की खबरें | समानांतर सरकार चला रहे हैं भाजपा और संघ : अखिलेश

लखनऊ, 13 जुलाई समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर समानांतर सरकारें चलाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि इन दो पाटों के बीच जनता और विपक्षी कार्यकर्ता पिस रहे हैं।

अखिलेश ने यहां एक बयान में कहा, ‘‘देश में दो सरकारें समानांतर काम कर रही हैं। एक सरकार का भाजपा नेतृत्व कर रही है और संघ के नेतृत्व में दूसरी समानांतर सरकार अपना एजेण्डा लागू कर रही है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग करती है और संघ समाज में बंटवारा पैदा करता है। इन दो पाटों के बीच जनता और विपक्षी दलों के कार्यकर्ता समान रूप से पिस रहे हैं।’’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके अखिलेश ने भाजपा पर जिला पंचायत और प्रखंड प्रमुख चुनावों में सत्ता का खुला दुरूपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बड़े पैमाने पर धांधली हुयी है और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न जारी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के अत्याचारों के सामने समाजवादी पार्टी झुकने वाली नहीं है और लोकतंत्र को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। भाजपा विपक्ष को कुचलने और जनता की आवाज को दबाने में लगी है ।

अखिलेश ने कहा कि प्रदेश का अगला विधानसभा चुनाव लोकतंत्र को बचाने का चुनाव होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)