एजेंसी न्यूज

BJP on CM Maan: भाजपा ने पंजाब के मुख्यमंत्री मान पर निर्वासितों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया

भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर पलटवार करते हुए निर्वासितों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया. अमेरिका से निर्वासित 119 अवैध प्रवासियों के दूसरे जत्थे के शनिवार देर शाम अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरने की उम्मीद है.

BJP on CM Maan: भाजपा ने पंजाब के मुख्यमंत्री मान पर निर्वासितों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया

चंडीगढ़, 15 फरवरी : भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर पलटवार करते हुए निर्वासितों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया. अमेरिका से निर्वासित 119 अवैध प्रवासियों के दूसरे जत्थे के शनिवार देर शाम अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरने की उम्मीद है. शुक्रवार को मान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने साजिश के तहत अमेरिकी विमान को उतारने के लिए अमृतसर हवाई अड्डे को चुना है और वह पंजाब को बदनाम करने की कोशिश कर रही है. मान पर पलटवार करते हुए भाजपा नेता तरुण चुघ ने शनिवार को कहा, "भगवंत मान साहब, पंजाब के लोग जानना चाहते हैं कि निर्दोष युवक कैसे बाहर गए, उन्हें क्यों जाना पड़ा, वो कौन थे जिन्होंने उनकी जिंदगी खराब की."

चुघ ने कहा, "उन्हें अवैध रास्ते के जरिये क्यों जाना पड़ा, उन्हें किसने भेजा और वे धोखेबाज एजेंट कौन थे जिन्होंने उनकी जिंदगी बर्बाद कर दी." भाजपा महासचिव चुघ ने कहा, "युवाओं को अपनी जमीन, घर बेचने के लिए मजबूर किया गया. दोषियों को पकड़ने और इन युवाओं का जीवन बर्बाद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय, 'आप-दा' पार्टी के नेता इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं." भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर पी सिंह ने भी मान पर तंज किया और उनसे कहा कि वह इस मुद्दे का राजनीतिकरण करना बंद करें. सिंह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "अमेरिका से भारत में प्रवेश करने वाली उड़ानों के लिए अमृतसर निकटतम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है. इसीलिए अवैध प्रवासियों वाला अमेरिकी विमान वहां उतर रहा है. भगवंत मान जी, अपने ज्ञान की कमी के कारण मुद्दे का राजनीतिकरण करना और साजिश की 'थ्योरी' को बढ़ावा देना बंद करें." यह भी पढ़ें : Unified Pension Scheme: 1 अप्रैल से लागू होगी यूनिफाइड पेंशन स्कीम, जानिए कैसे मिलेगा इस योजना का फायदा

चुघ ने कहा, "पंजाब में नौकरियां देने के बजाय 'आप-दा' पार्टी ने केवल बिगड़ती कानून-व्यवस्था दी है. फिरौती नया उद्योग बनकर उभरा है. रोजगार देने की बजाय उद्योग, खेती और सेवा क्षेत्र पिछड़ रहे हैं." उन्होंने कहा, "मान सरकार पिछले तीन वर्षों से सत्ता में है, लेकिन वह धोखेबाज ट्रैवल एजेंट पर लगाम लगाने में विफल रही है." चुघ ने यह भी कहा कि पंजाब के युवाओं का जीवन बर्बाद हो गया है लेकिन "मान दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के सामने अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में व्यस्त हैं."

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अमेरिका से आने वाले विमान के शनिवार रात करीब 10 बजे अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरने की उम्मीद है. 119 निर्वासितों में से 100 अकेले पंजाब और हरियाणा से हैं. उन्होंने बताया कि 157 निर्वासितों को लेकर एक तीसरा विमान भी 16 फरवरी को उतरने की उम्मीद है. पांच फरवरी को 104 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर एक अमेरिकी सैन्य विमान अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरा. इनमें से 33-33 हरियाणा और गुजरात से थे, जबकि 30 पंजाब से थे.

मान ने शुक्रवार को अमृतसर हवाई अड्डे पर एक और विमान उतारने के कदम पर सवाल उठाया और केंद्र पर साजिश के तहत पंजाब को बदनाम करने की कोशिश करने का आरोप लगाया. अमृतसर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए मान ने कहा, "भाजपा नीत केंद्र सरकार हमेशा पंजाब के साथ भेदभाव करती है. वह राज्य को बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ती." उन्होंने कहा, "एक साजिश के तहत वे पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं." मान ने केंद्र से यह भी पूछा कि दूसरे विमान को उतारने के लिए अमृतसर हवाई अड्डे को किस मानदंड के तहत चुना गया.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 15, 2025 04:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).