देश की खबरें | बिशप का इस्तीफा: कैथोलिक पादरी ने कहा, पीड़ित नन न्याय के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी

कोच्चि, दो जून फ्रैंको मुलक्कल के जालंधर के बिशप के तौर पर इस्तीफा देने के एक दिन बाद, ‘सेव आवर सिस्टर्स’ अभियान चलाने वालों ने शुक्रवार को कहा कि उन पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली नन कानूनी माध्यम से अपनी न्याय की लड़ाई जारी रखेंगी।

‘सेव आवर सिस्टर्स’ (एसओएस) एक ऐसा मंच है जिसमें नन, पादरी और नागरिक संस्थाओं के प्रमुख सदस्य शामिल हैं। कुछ साल पहले प्रभावशाली बिशप के खिलाफ दुष्कर्म के आरोपों के साथ सार्वजनिक रूप से सामने आने पर नन का समर्थन करने के लिए केरल में इसकी शुरुआत की गई थी।

मंच के संयोजक वरिष्ठ कैथोलिक पादरी फादर ऑगस्टाइन वट्टोली ने कहा कि मुलक्कल का इस्तीफा पीड़ित नन और उसकी साथी ननों के एक समूह के लिए एक छोटी राहत है, जिन्होंने पूर्व बिशप के खिलाफ आरोप लगाने के लिए सोशल मीडिया पर तीखे हमलों का सामना किया था।

पादरी ने कहा कि बृहस्पतिवार शाम को बिशप के इस्तीफे के बारे में वेटिकन की घोषणा के बाद उन्होंने पीड़िता से बात की।

उन्होंने कहा, “वह इससे बहुत ज्यादा खुश नहीं है। लेकिन जाहिर है, उसे उम्मीद है। इसलिए वह अब भी न्याय के लिए अपनी लड़ाई जारी रखने के लिए तैयार है।”

बलात्कार के मामले में केरल की एक अदालत द्वारा बरी किये जाने के डेढ़ साल बाद मुलक्कल ने इस्तीफा दिया है। बिशप को बरी किए जाने के निचली अदालत के फैसले को नन ने केरल उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी।

फादर वट्टोली ने न्याय की इस जंग के दौरान पीड़ित नन द्वारा झेली गई परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि समाज, समुदाय और चर्च के सत्ता केंद्रों से उसे जो मानसिक यातनाएं झेलनी पड़ीं, वे उसकी कल्पना से परे थीं।

उन्होंने कहा, “मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से किए गए हमलों ने उसे डराया, आहत किया और पीड़ा दी। इसलिए, मुलक्कल का इस्तीफा, निश्चित रूप से पीड़िता और उसकी साथी ननों के लिए एक छोटी सी राहत है।”

नन ने आरोप लगाया था कि 2014 से 2016 के बीच केरल के कोट्टायम स्थित एक कॉन्वेंट की यात्रा के दौरान बिशप ने उसके साथ कई बार बलात्कार किया था। मुलक्कल तब जालंधर डाइअसीस के बिशप थे।

नन मिशनरीज ऑफ जीसस की सदस्य हैं, जो जालंधर डाइअसीस के तहत एक डाइआसिसन धार्मिक सभा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)