देश की खबरें | बीरभूम हिंसा: मुख्यमंत्री की फटकार के बाद एसडीपीओ को निलंबित किया गया

रामपुरहाट (पश्चिम बंगाल), 24 मार्च बीरभूम पुलिस ने रामपुरहाट के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शायान अहमद को बोगतुई गांव में हुई आगज़नी की घटना के सिलसिले में बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया और उन्हें ‘ अनिवार्य प्रतीक्षा’ सूची में रख दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इससे कुछ घंटे पहले, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रामपुरहाट में कुछ पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि ‘ड्यूटी में लापरवाही’ के कारण शायद यह घटना हुई है।

इस हफ्ते के शुरू में बोगतुई गांव में दो बच्चों समेत आठ लोगों को जिंदा जला दिया गया था। यह संदेह है कि तृणमूल कांग्रेस के एक पंचायत पदाधिकारी की हत्या की वजह से यह घटना हुई है।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “ एसडीपीओ को तत्काल प्रभाव से अनिवार्य प्रतीक्षा पर भेज दिया गया है।”

इससे पहले, रामपुरहाट थाने के निरीक्षक एवं प्रभारी त्रिदीप प्रमाणिक को निलंबित कर दिया गया था।

बंगाल की मुख्यमंत्री ने बोगतुई के दौरे पर कहा था, “ एसडीपीओ ने किसी भी तरह के एहतियाती उपाय नहीं किए। निरीक्षक प्रभारी और जिला खुफिया ब्यूरो ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई। अगर एसडीपीओ ने एहतियाती उपाय किए होते, तो घटना को टाला जा सकता था।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)