देश की खबरें | बिहार चुनावः मोदी, राहुल ने अनुच्छेद 370, चीन घुसपैठ, प्रवासियों के मुद्दे को बनाया हथियार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार चुनाव के लिए शुक्रवार को अपने-अपने प्रचार अभियानों की शुरुआत की और लद्दाख में चीनी घुसपैठ को लेकर एक-दूसरे पर निशाना साधते हुए इसे जवानों और उनके परिजनों का 'अपमान' करार दिया।
सासाराम/भागलपुर, 23 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार चुनाव के लिए शुक्रवार को अपने-अपने प्रचार अभियानों की शुरुआत की और लद्दाख में चीनी घुसपैठ को लेकर एक-दूसरे पर निशाना साधते हुए इसे जवानों और उनके परिजनों का 'अपमान' करार दिया।
अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान समाप्त करने और कृषि क्षेत्र सुधार कानून के साथ ही राज्य में राजद के 15 वर्ष के शासन के दौरान ‘‘जंगलराज’’ और प्रवासी संकट और बेरोजगारी का मुद्दा भाषणों में प्रमुखता से छाया रहा।
यह भी पढ़े | Yes Bank ने जुलाई-सितंबर तिमाही में 129 करोड़ रुपये का लाभ कमाया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डेहरी आन सोन, गया और भागलपुर में एक के बाद एक रैलियों को संबोधित करते हुए विपक्ष पर अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान समाप्त किये जाने और गलवान घाटी में भारतीय एवं चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प पर उसके रुख को लेकर हमला बोला। गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प राज्य के लिए एक भावनात्मक मुद्दा है क्योंकि इसमें बिहार रेजीमेंट के कई सैनिक शहीद हो गए थे।
मोदी ने अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान समाप्त करने का मुद्दा उठाया, जिसके तहत जम्मू-कश्मीर के तत्कालीन राज्य का विशेष दर्जा समाप्त कर दिया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘आप मुझे बताएं, क्या देश अनुच्छेद 370 के खत्म होने का इंतजार नहीं कर रहा था? जब राजग सरकार ने ऐसा किया, तो वे सत्ता में वापस आने पर प्रावधान बहाल करने की बात कर रहे हैं।’’
उन्होंने रोहतास जिले में डेहरी आन सोन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अभी भी उनके पास बिहार में आने और वोट मांगने का साहस है जो अपने बेटों और बेटियों को राष्ट्र की रक्षा के लिए भेजता है। क्या यह बिहार के लोगों का अपमान नहीं है?’’
गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ झड़प का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि बिहार के बेटों ने तिरंगे के लिए अपने जीवन को न्यौछावर कर दिया, लेकिन ‘‘भारत माता का सिर झुकने नहीं दिया।’’
राहुल गांधी ने पलटवार करते हुए प्रधानमंत्री पर अपनी इस टिप्पणी से सैनिकों का ‘‘अपमान’’ करने का आरोप लगाया कि भारत में कोई चीनी घुसपैठ नहीं हुई।
गांधी ने नवादा जिले के हिसुआ में एक रैली को संबोधित करते हुए लद्दाख में चीनी सेना की घुसपैठ को लेकर प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि चीन ने हिंदुस्तान की '1200 वर्ग किलोमीटर' जमीन अपने कब्जे में ले रखी है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को घेरने का प्रयास करते हुए आरोप लगाया, ‘‘ चीन की सेना हिंदुस्तान की सीमा के अंदर है। सवाल ये है कि जब चीनी सैनिक हमारी जमीन के अंदर आए, तो हमारे प्रधानमंत्री ने हमारे वीरों का अपमान करते हुए यह क्यों बोला कि हिंदुस्तान के अंदर कोई नहीं आया?’’
कांग्रेस नेता ने लोगों से कहा कि वे (प्रधानमंत्री) आज कहते हैं कि वे सिर झुकाते हैं ‘‘लेकिन तब हिंदुस्तान की सेना का अपमान नरेंद्र मोदी जी ने किया, जब उन्होंने देश को झूठ बोला कि चीन का कोई भी सैनिक हिंदुस्तान के अंदर नहीं आया। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप किसी भी सेना के जवान से पूछे और वह आपको बताएगा कि आज चीनी सेना उस क्षेत्र में खड़ी है, जहां हम पहले गश्त करते थे। हमारी जमीन हमसे छीन ली गई है।’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘सवाल यह है कि मोदी जी, आप हमारे क्षेत्र में बैठे चीनी सैनिकों को कब बाहर निकालेंगे?’’
प्रधानमंत्री ने अपने भाषणों में अपनी सरकार द्वारा लागू किए गए कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ विपक्ष को उनके आंदोलन पर आड़े हाथों लेते हुए कहा, ‘‘वास्तव में विरोध प्रदर्शनों का उद्देश्य न्यूनतम समर्थन मूल्य व्यवस्था और कृषि 'मंडियों' की आड़ में बिचौलियों और दलालों को "बचाना" है।’’
मोदी ने कहा कि राफेल लड़ाकू विमान खरीदे जाने पर भी उन्होंने बिचौलियों और दलालों की बोली थी। मोदी ने कहा कि भारत ने जो फैसले किये हैं उनसे वह पीछे नहीं हटेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)