खेल की खबरें | नॉर्थईस्ट यूनाइटेड और हैदराबाद एफसी की बड़ी जीत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए शनिवार को यहां जमशेदपुर एफसी को 5-0 से करारी शिकस्त दी जो उसकी इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल टूर्नामेंट में सबसे बड़ी जीत भी है।
गुवाहाटी, 26 अक्टूबर नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए शनिवार को यहां जमशेदपुर एफसी को 5-0 से करारी शिकस्त दी जो उसकी इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल टूर्नामेंट में सबसे बड़ी जीत भी है।
उधर कोलकाता में खेले गए एक अन्य मैच में हैदराबाद एफसी ने मोहम्मडन स्पोर्टिंग को 4-0 से हराकर वर्तमान सत्र में अपनी पहली जीत दर्ज की।
नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी की जीत में मोरक्को के स्ट्राइकर अलाएद्दीन एजारेई ने पांचवें व 90वें, विंगर पार्थिब गोगोई ने 44वें व 55वें और स्थानापन्न मिडफील्डर मैकार्टन निक्सन ने 82वें मिनट में गोल दागे।
यह पहला अवसर है जबकि नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने आईएसएल के किसी मैच में पांच गोल किए।
अलाएद्दीन एजारेई को दो गोल करने और एक गोल में मदद करने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इस जीत के बाद नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी छह मैचों में दो जीत, दो ड्रा और दो हार से आठ अंक लेकर तालिका में 10वें से पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी तरफ जमशेदपुर एफसी छह मैचों में चार जीत और दो हार से 12 अंक लेकर तालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है।
हैदराबाद एफसी और मोहम्मडन स्पोर्टिंग के बीच खेले हुए मैच में विजेता टीम की तरफ से ब्राजीली स्ट्राइकर एलन पॉलिस्ता ने चौथे व 15वें मिनट में, सर्बियाई सेंटर-बैक स्टीफन सैपिक ने 12वें मिनट में और लेफ्ट-बैक पराग श्रीवास ने 51वें मिनट में गोल किये। पॉलिस्ता को दो गोल दागने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
हैदराबाद एफसी पांच मैचों में एक जीत, एक ड्रा और तीन हार से चार अंक लेकर तालिका में 12वें से 11वें स्थान पर आ गई है। वहीं मोहम्मडन स्पोर्टिंग छह मैचों में एक जीत, एक ड्रा और चार हार से चार अंक लेकर तालिका में 11वें से 12वें स्थान पर लुढ़क गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 26, 2024 10:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

