विदेश की खबरें | बाइडन शुक्रवार को अपने यूरोपीय दौर के आखिरी पड़ाव पोलैंड पहुंचेंगे

वॉरसा, 25 मार्च (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन शुक्रवार को अपने यूरोपीय दौर के आखिरी पड़ाव पोलैंड पहुंचेंगे।

बाइडन ऐसे समय में पोलैंड आ रहे हैं, जब रूसी आक्रमण के बाद से युद्धग्रस्त यूक्रेन से लाखों लोगों ने पड़ोसी देश पोलैंड में शरण ली है। बाइडन संकट के इस समय में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के एक प्रमुख सदस्य की मदद को लेकर अमेरिकी प्रतिबद्धता दोहराएंगे।

ब्रसेल्स में, यूक्रेन के मुद्दे पर नाटो, सात औद्योगिक देशों के समूह और 27-सदस्यीय यूरोपीय परिषद की आपातकालीन बैठक में हिस्सा लेने के बाद बाइडन शुक्रवार को दो दिवसीय यात्रा पर पोलैंड आ रहे हैं।

यूक्रेन में रूसी आक्रमण के बाद से 35 लाख से अधिक लोगों ने देश छोड़ा है, जिसमें से 20 लाख से अधिक लोगों ने पोलैंड में शरण ली है।

पोलैंड, हजारों अतिरिक्त अमेरिकी सैनिकों की मेजबानी भी करता है। रूस के 2014 में पहली बार यूक्रेन में घुसने की कोशिश करने के बाद अमेरिकी सैनिकों को पोलैंड में तैनात किया गया था।

पोलैंड के राष्‍ट्रपति आंद्रेजेज डूडा देश में बाइडन का स्वागत करेंगे। दोनों नेताओं के ऊर्जा तथा शरणार्थी मुद्दे चर्चा करने की उम्मीद है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)