जरुरी जानकारी | भगवंत मान ने उद्योगपतियों के लिए जारी किया व्हाट्सऐप नंबर

चंडीगढ़, आठ जुलाई पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कारोबारी माहौल के बारे में उद्योगपतियों से प्रतिक्रिया जानने के लिए शनिवार को एक व्हाट्सऐप नंबर जारी किया।

मान ने उद्योगपतियों को राज्य में व्यापार-अनुकूल माहौल प्रदान करने के लिए व्हाट्सऐप नंबर 8194891948 और ई-मेल आईडी ‘पंजाबकंसल्टेशनऐटजीमेलडॉटकॉम’ पर अपने विचार एवं सुझाव देने को कहा।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार हितधारकों की सलाह पर नीतियां बनाती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने निःशुल्क बिजली देने, आम आदमी क्लीनिक स्थापित करने से पहले जनता से राय मांगी थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब को आर्थिक विकास के उच्च पथ पर लाने के लिए राज्य सरकार ने उद्योग को प्रोत्साहन देने का निर्णय लिया है।

मान ने कहा कि राज्य सरकार उद्योग की नई परियोजनाएं लाने के साथ-साथ मौजूदा औद्योगिक इकाइयों को उद्योग-अनुकूल माहौल भी प्रदान करेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)