जरुरी जानकारी | युवाओं को आकर्षित करने के लिए बेंगलुरु के कॉफी हाउस अब नए अवतार में

बेंगलुरु, नौ जनवरी कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में अंबेडकर मार्ग पर स्थित इंडिया कॉफी हाउस (आईसीएच) अपने स्वर्ण जयंती वर्ष में युवा पीढ़ी के लिए एक नया अवतार धारण कर रहा है।

वर्ष 1972 में कॉफी बोर्ड ऑफ इंडिया परिसर में शुरू होने वाला आईसीएच विधानसौध, उच्च न्यायालय और आसपास स्थित अन्य सरकारी व निजी कार्यालयों के ग्राहकों का पसंदीदा स्थान रहा है।

आईएचसी का प्रबंधन करने वाले बोर्ड ने कॉफी हाउस में काफी बदलाव किए हैं। अब यह सिर्फ बुजुर्गों ही नहीं, युवा पीढ़ी के लिए भी जुटने का एक अनुकूल स्थल बन गया है।

हालांकि, कॉफी हाउस का फर्नीचर पुराना ही है, लेकिन दीवार, छत और लाइटिंग की व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

इसके अलावा, आईसीएच के बरामदे में घास के बीच बैठने की व्यवस्था की गई है, जिससे अंबेडकर मार्ग और विश्वेसरैया टावर दिखता है।

वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव राजेश अग्रवाल और कॉफी बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. केजी जगदीश ने इसका उद्घाटन किया।

जगदीश ने पीटीआई- को बताया, ‘‘इसे आधुनिक बनाने और अधिक से अधिक कॉफी प्रेमियों को आकर्षित करने के लिए कॉफी बोर्ड ने दो महीने पहले आईसीएच में बदलाव का काम शुरू किया था।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)