देश की खबरें | बंगाल: शुभेंदु अधिकारी ने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवार से मुलाकात की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने पहलगाम हमले में मारे गए बितान अधिकारी के परिवार से बृहस्पतिवार को मुलाकात की और उम्मीद जताई कि केंद्र व राज्य सरकार दोनों ही जल्द शोक संतप्त परिवार के लिए अलग-अलग आर्थिक सहायता की घोषणा करेंगी।

कोलकाता, 24 अप्रैल पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने पहलगाम हमले में मारे गए बितान अधिकारी के परिवार से बृहस्पतिवार को मुलाकात की और उम्मीद जताई कि केंद्र व राज्य सरकार दोनों ही जल्द शोक संतप्त परिवार के लिए अलग-अलग आर्थिक सहायता की घोषणा करेंगी।

अधिकारी, दक्षिण कोलकाता के बैसनभघाटा इलाके में मृतक के घर पहुंचे, जहां उन्होंने बितान की पत्नी शोहिनी और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की।

इस दौरान अधिकारी ने उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया और किसी भी सहायता के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो नेताओं अग्निमित्रा पॉल और रुद्रनील घोष के संपर्क विवरण साझा किए।

अधिकारी ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से कहा, “मुझे उम्मीद है कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों ही तुरंत आर्थिक सहायता मुहैया कराएंगी। बितान, परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और फ्लोरिडा में रहता था। उसकी पत्नी गृहिणी है और उसके बीमार माता-पिता बेहाला में रहते हैं।”

उन्होंने परिवार के साथ खड़े होने की पार्टी की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा, “हम अपनी पार्टी की ओर से हरसंभव सहायता करेंगे। मैंने उन्हें (बितान के परिवार को) भाजपा नेताओं के फोन नंबर दिए हैं, जिनसे वे जरूरत पड़ने पर संपर्क कर सकते हैं।”

अधिकारी ने कहा कि उन्होंने बुधवार शाम को शोहिनी से हवाई अड्डे पर बात की थी, जब वह बितान के शव के साथ कश्मीर से लौटी थीं।

उन्होंने कहा कि शोहिनी के अनुरोध पर वह बृहस्पतिवार को परिवार के घर गए, जहां अंतिम संस्कार के बाद की रस्में जारी थीं।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता कुणाल घोष ने मुआवजे में बितान के माता-पिता को भी शामिल करने की मांग की थी, जिसपर अधिकारी ने कहा, “बिल्कुल, माता-पिता को निश्चित रूप से मुआवजे से बाहर नहीं रखा जाना चाहिए। लेकिन कौन कहता है कि उन्हें बाहर रखा जाएगा? यह राजनीति का समय नहीं है। मैं सभी से राजनीति से ऊपर उठने और इस शोकाकुल परिवार के साथ खड़े होने का आग्रह करता हूं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now