देश की खबरें | बंगाल एसईसी ने पंचायत चुनाव से पहले हिंसा के मामलों पर की राज्यपाल से मुलाकात

कोलकाता,25 जून पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव से पहले हिंसा के मामलों को लेकर निर्वाचन आयुक्त (एसईसी)राजीव सिन्हा ने यहां राजभवन में राज्यपाल सी वी आनंद बोस से रविवार को मुलाकात की।

इससे पहले पंचायत चुनाव के लिए नामंकन के दौरान हत्या,हिंसा और झड़प की घटनाओं पर पूछताछ के लिए सिन्हा को तलब किया गया था लेकिन वह बोस के समक्ष पेश नहीं हुए थे।

बोस ने पहले से कदम नहीं उठाने के लिए एसईसी की आलोचना की थी और कहा था कि सिन्हा को इस पद पर नियुक्त करते वक्त उन पर जो भरोसा किया गया ,उन्होंने उसे तोड़ा है।

सिन्हा, राज्यपाल से मुलाकात करने के लिए रविवार शाम राजभवन पहुंचे। इससे पहले दिन में राज्यपाल ने कहा था कि एसईसी उनसे मुलाकात करना चाहते हैं।

राज्यपाल बोस ने संवाददाताओं से कहा था,‘‘ राज्य निर्वाचन आयुक्त ने राज्यपाल से मुलाकात का अनुरोध किया था। मैंने संकेत दिए थे कि मैं कुछ अहम बिंदुओं पर बातचीत करना चाहता हूं। जब वह तैयार हो जाएं तो वह आज या किसी भी दिन आ सकते हैं।’’

उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव से जुड़े अहम मुद्दों पर आयुक्त से बात करना जरूरी था।

विपक्षी दलों ने आरोप लगाए हैं कि सत्तारुढ़ दल तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों द्वारा उनके उम्मीदवारों को धमकाया जा रहा है और उन्हें नामांकन से रोकने के लिए उनसे मारपीट की गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)