भोपाल, 25 सितंबर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो योजनाएं बना रहे हैं और चला रहे हैं, उसके पीछे जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानव दर्शन है।
दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद चौहान ने कहा कि एकात्म मानवदर्शन के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाघ्याय एक कुशल संगठक, राष्ट्रवादी विचारक, भारत माता के सच्चे पुजारी और भारतीय संस्कृति के उपासक थे। उनके लिए सारा देश उनका परिवार था। उनका कोई व्यक्तिगत परिवार नहीं था। वह बचपन से ही भारत माता की तपस्या और साधना में लग गए थे।
यह भी पढ़े | Farm Bills 2020: कृषि बिल के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगी पंजाब सरकार-वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल.
उन्होंने आगे कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी जो योजनाएं बना रहे हैं और चला रहे हैं, उसके पीछे पंडित दीनदयाल जी का एकात्म मानव दर्शन ही है।’’
चौहान ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: बिहार चुनाव में एनडीए को जीत का अनुमान: सर्वे.
मुख्यमंत्री ने यहां दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।
राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने यहां लालघाटी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय के प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उनका स्मरण किया।
इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि हम पंडित दीनदयाल उपाध्याय का स्मरण करते हैं जो राष्ट्रवाद की एक विचारधारा थे। उनसे हम प्रेरणा लेकर देश की उन्नति और प्रगति के लिए अपने आपको समर्पित करते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे भारतीय जनता पार्टी के प्रेरणा स्रोत के रूप में उन्होंने मार्गदर्शन दिया था। आज उसी मार्गदर्शन पर एक साथ मिलकर एक भावना के साथ संकलित होकर आगे चलने के लिए तैयार हैं।
ग्वालियर में दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर दीनदयाल नगर स्थित उनकी प्रतिमा पर केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने माल्यार्पण किया।
एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता एवं जनसंघ के संस्थापक सदस्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर शुक्रवार को प्रदेश भर में बूथ स्तर तक कार्यक्रम हुए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY