एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | पूर्वी दिल्ली में युवक का गला रेतने वाला बीकॉम का छात्र गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में एक युवती से दोस्ती को लेकर ईर्ष्या के चलते 20 वर्षीय युवक ने एक अन्य युवक का कथित तौर पर गला रेत दिया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | पूर्वी दिल्ली में युवक का गला रेतने वाला बीकॉम का छात्र गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 25 जुलाई पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में एक युवती से दोस्ती को लेकर ईर्ष्या के चलते 20 वर्षीय युवक ने एक अन्य युवक का कथित तौर पर गला रेत दिया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर निवासी आरोपी अक्षत शर्मा ने 21 वर्षीय हर्ष भाटी पर ब्लेड से हमला किया। आरोपी ने भाटी को कई बार लड़की से दूरी बनाने की चेतावनी दी थी।

पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अभिषेक धनिया ने कहा, "हर्ष के गले में घातक चोट आई लेकिन वह बच गया।"

यह घटना 17 जुलाई को तब हुई जब हर्ष लड़की के साथ खड़ा था। उसी समय अक्षत वहां आया और कथित तौर पर उसका गला ब्लेड से काट दिया।

अस्पताल से प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पांडव नगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

डीसीपी ने कहा, "अक्षत लड़की से भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ था और इस वजह से वह हर्ष के लगातार लड़की से मिलने से नाराज था।"

पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया जिसमें एक एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड की और दूसरी पांडव नगर थाने की टीम थी।

पुलिस ने बताया कि जब टीम आरोपी के घर पहुंची, तब तक वह फरार हो चुका था। बाद में एक सूचना के आधार पर उसके घर के पास जाल बिछाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अपना गुनाह कबूल कर लिया और बताया कि उसने ईर्ष्या और मानसिक तनाव की स्थिति में हमला किया था।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी ओपन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर रहा है और आइसक्रीम बेचता है। मामले की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 25, 2025 05:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).