देश की खबरें | दिल्ली में भाजपा नेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या के आरोप में बास्केटबॉल खिलाड़ी गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 30 जून दिल्ली में इस साल अप्रैल में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के स्थानीय नेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या के सिलसिले में राज्य स्तरीय पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक भाजपा की दिल्ली इकाई के किसान मोर्चा के नेता मटियाला की 14 अप्रैल को द्वारका के बिंदापुर स्थित उनके कार्यालय में दो लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

पुलिस ने भाजपा नेता की हत्या के मामले में बुधवार को हरियाणा के झज्जर निवासी सुनील को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से तीन जिंदा कारतूसों से भरी एक पिस्तौल भी बरामद की गयी।

सुनील को कपिल सांगवान उर्फ नंदू-लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का वांछित अपराधी बताया जा रहा है।

विशेष पुलिस आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ)एचजीएस धालीवाल ने कहा, ‘‘ हमारी टीम ने एक वांछित अपराधी सुनील को पकड़ा है, जो दिल्ली के नजफगढ़ किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र मटियाला की हत्या में शामिल था। ’’

पुलिस अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार होने से पहले, सुनील निजी रंजिश के चलते अपने गांव के किसी अन्य व्यक्ति की हत्या करने की फिराक में था।

एचजीएस धालीवाल ने कहा, ‘‘ आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था और अपने आका कपिल सांगवान से अगले निर्देशों का इंतजार कर रहा था। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ बुधवार सुबह करीब आठ बजे हमें सूचना मिली कि सुनील रोहिणी इलाके में है और... हमारी टीम ने वहां भगवान महावीर मार्ग पर जाल बिछाया। सुबह करीब 10 बजे उसे पुलिस की टीम ने घेर लिया। उसने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे काबू कर लिया गया और हिरासत में ले लिया गया।’’

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान सुनील ने खुलासा किया कि उसे सांगवान से रोहित नाम के उसके स्कूल के एक सहपाठी ने मिलवाया था और उसे सुरेंद्र मटियाला की हत्या करने का काम सौंपा गया था।

पुलिस ने बताया कि रोहित, सुनील और उनके अन्य साथियों ने सरोजिनी नगर के एक फ्लैट में हत्या की योजना बनाई।

उन्होंने बताया कि हत्या के बदले में सांगवान ने उसे कुछ पैसे दिए और पिस्तौल दिलाने में भी मदद की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)