विदेश की खबरें | बराक ओबामा की सौतेली दादी का निधन

सारा एक परोपकारी महिला थीं, जिन्होंने बालिकाओं और अनाथ बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित किया।

उनकी बेटी मसरत ओनियांगो के अनुसार पश्चिमी केन्या के किसुमू स्थित एक अस्पताल में इलाज के दौरान स्थानीय समयानुसार सुबह चार बजे सारा ने अंतिम सांस ली।

ओनियांगो ने बताया, ''आज सुबह उनका देहांत हो गया। हमें इसका बहुत दुख है।''

परिवार के प्रवक्ता शेख मूसा इस्माइल ने कहा कि सारा सामान्य बीमारियों से पीड़ित थीं और उनका निधन कोविड-19 के कारण नहीं हुआ।

प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सारा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

सारा ने बराक के पिता सीनियर बराक ओबामा के पालन-पोषण में भी मदद की थी। ओबामा परिवार, केन्या के लुओ जातीय समुदाय से संबंध रखता है।

पूर्व राष्ट्रपति ओबामा को सारा से बेहद लगाव था और उन्होंने अपने संस्मरण ''ड्रीम्स फ्रॉम माई फादर'' में ''ग्रैनी'' यानी दादी के तौर पर सारा का जिक्र भी किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)