विदेश की खबरें | भारत के साथ बांग्लादेश के रिश्ते ऐतिहासिक और चट्टान की तरह मजबूत: अब्दुल मोमिन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. बांग्लादेश के विदेश मंत्री ए के अब्दुल मोमिन ने भारत के साथ अपने देश के संबंधों को ऐतिहासिक और ''चट्टान की तरह मजबूत'' करार देते हुए शनिवार को कहा कि इन्हें कोई भी चीज नुकसान नहीं पहुंचा सकती।
ढाका, आठ अगस्त बांग्लादेश के विदेश मंत्री ए के अब्दुल मोमिन ने भारत के साथ अपने देश के संबंधों को ऐतिहासिक और ''चट्टान की तरह मजबूत'' करार देते हुए शनिवार को कहा कि इन्हें कोई भी चीज नुकसान नहीं पहुंचा सकती।
मोमिन ने कहा कि बांग्लादेश के भारत और चीन के साथ संबंधों के परिप्रेक्ष्य अलग-अलग हैं और इनकी तुलना नहीं की जा सकती।
यह भी पढ़े | Rainfall in South Korea: दक्षिण कोरिया में भारी बारिश के 21 लोगों की हुई मौत.
मोनिन ने 1971 के मुक्ति संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिये भारतीय सीमा से लगे पश्चिमी मेहरपुर में एक स्मारक का दौरा करने के बाद यह बात कही।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''हमें समान दृष्टिकोण से संबंधों की तुलना नहीं करनी चाहिये।''
यह भी पढ़े | ढाका: प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन अंसारुल्ला बांग्ला टीम का प्रमुख आतंकी गिरफ्तार.
मोमिन ने कहा, ''भारत के साथ हमारे संबंध ऐतिहासिक....चट्टान की तरह मजबूत हैं; यह खून का रिश्ता है जबकि चीन के साथ मुख्य रूप से आर्थिक संबंध हैं।''
उन्होंने कहा, ''हमारी जीत भारत की जीत है। हमारा विकास भारत का विकास है....इस (बांग्लादेश-भारत) संबंध को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता।''
मंत्री से भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर दोनों देशों के साथ बांग्लादेश के संबंधों के बारे में पूछा गया था, जिसपर उन्होंने यह टिप्पणी की।
मोमिन ने भारत के साथ मौजूदा संबंधों को ''शानदार'' करार देते हुए कहा कि दोनों देश अगले साल बांग्लादेश की आजादी की 50वीं सालगिरह मनाने के लिये तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश और भारत ने जल बंटवारे के मुद्दे पर बातचीत आगे बढ़ाते हुए भूमि और समुद्री सीमाओं तथा सुरक्षा जैसे द्विपक्षीय मुद्दों को हल किया है।
मोमिन ने कहा, ''हालांकि कुछ मुद्दे बाकी हैं...हम उन्हें भी सुलझा लेंगे।''
उन्होंने भारत और चीन के बीच तनाव पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि ''यह उनका विषय है, हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है।''
मोमिन ने कहा कि बांग्लादेश का ध्यान दोनों देशों के साथ रिश्तों को बनाए रखते हुए अपने विकास पर केंद्रित है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)