देश की खबरें | बीएआई ने सुदिरमन कप और थॉमस एवं उबेर कप फाइनल के चयन ट्रायल के लिए खिलाड़ियों को बुलाया

नयी दिल्ली, 23 अगस्त भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) आगामी सुदिरमन कप और थामस एवं उबेर कप फाइनल्स की टीमों के चयन के लिए 28 अगस्त को चयन ट्रायल का आयोजन करेगा।

प्रतिष्ठित सुदिरमन कप मिश्रित टीम चैंपियनशिप का आयोजन फिनलैंड के वानता में 26 सितंबर से तीन अक्टूबर तक किया जाएगा जबकि थॉमस एवं उबेर कप नौ से 17 अक्टूबर तक डेनमार्क के आरहस में होगा।

बीएआई ने पत्र में कहा, ‘‘बीएआई 28 अगस्त (शनिवार) 2021 से पुलेला गोपीचंद अकादमी में आगामी सुदिरमन कप और थॉमस एवं उबेर कप में चयन ट्रायल का आयोजन करेगा।’’

इसमें कहा गया, ‘‘खिलाड़ियों से ट्रायल के लिए 27 अगस्त 2021 (शाम) तक पहुंचने का आग्रह किया जाता है।’’

जूनियर और सीनियर बैडमिंटन खिलाड़ियों के साथ कुल 105 खिलाड़ियों को ट्रायल के लिए बुलाया गया है।

इन दोनों प्रतियोगिताओं के लिए दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू, 2012 लंदन खेलों की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल, तोक्यो ओलंपियन बी साई प्रणीत, 2016 रियो ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाले किदांबी श्रीकांत और चिराग शेट्टी तथा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की दुनिया की 10वें  नंबर की जोड़ी को सीधे चुना गया है।

सुदिरमन कप में भारत को इंग्लैंड, रूस और मिस्र के साथ नौ से 16 के वर्ग में रखा गया है।

बीएआई के महासचिव अजय सिंघानिया ने पीटीआई से कहा, ‘‘हमने दुनिया के शीर्ष 20 खिलाड़ियों में शामिल खिलाड़ियों को इन दोनों टूर्नामेंटों के लिए सीधे चुना है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)