एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | बाबर दोहरे शतक से चूके, पाकिस्तान-आस्ट्रेलिया टेस्ट ड्रॉ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अनुभवी आफ स्पिनर नाथन लियोन (112 रन पर चार विकेट) ने अंतिम ओवरों में तीन विकेट चटकाए लेकिन उप कप्तान मोहम्मद रिजवान ने 177 गेंद में नाबाद 104 रन बनाकर पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर मैच ड्रॉ करा दिया। आस्ट्रेलिया के 506 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने सात विकेट पर 443 रन बनाए।

खेल की खबरें | बाबर दोहरे शतक से चूके, पाकिस्तान-आस्ट्रेलिया टेस्ट ड्रॉ

अनुभवी आफ स्पिनर नाथन लियोन (112 रन पर चार विकेट) ने अंतिम ओवरों में तीन विकेट चटकाए लेकिन उप कप्तान मोहम्मद रिजवान ने 177 गेंद में नाबाद 104 रन बनाकर पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर मैच ड्रॉ करा दिया। आस्ट्रेलिया के 506 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने सात विकेट पर 443 रन बनाए।

नौवें नंबर के बल्लेबाज नौमान अली ने 18 गेंद खेलकर कोई रन नहीं बनाया लेकिन रिजवान के साथ अंतिम आठ ओवर बल्लेबाजी करके मैच ड्रॉ करा दिया।

बाबर ने 10 घंटे से अधिक की 425 गेंद की अपनी पारी में 21 चौके और एक छक्का मारा। उन्होंने सलामी बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक (96) के साथ तीसरे विकेट के लिए 228 और रिजवान के साथ पांचवें विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी की।

पाकिस्तान ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 192 रन से की। बाबर 102 जबकि शफीक 71 रन से आगे खेलने उतरे।

आस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस (75 रन पर दो विकेट) ने लंच से पहले और बाद में एक-एक विकेट चटकाया। उन्होंने शफीक को लगातार दूसरा शतक जड़ने से वंचित किया और फिर फवद आलम (09) को भी पवेलियन भेजा।

कमिंस ने लंच से पहले शफीक की लगभग आठ घंटे चली 96 रन की पारी का अंत किया। स्लिप में स्टीव स्मिथ ने उनका कैच लपका। स्मिथ ने ही 20 रन के निजी स्कोर पर शफीक का कैच टपकाया था जिसके बाद इस बल्लेबाज ने 305 गेंद का सामना किया। रावलपिंडी में ड्रॉ रहे पहले टेस्ट में शफीक ने करियर का पहला टेस्ट शतक जड़ा था।

कमिंस ने लंच के बाद फवद को विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया लेकिन बाबर और रिजवान ने चाय तक आस्ट्रेलिया के गेंदबाजों को और सफलता हासिल नहीं करने दी।

दूसरे सत्र में बाबर स्पिनर मिशेल स्वीपसन के खिलाफ लगातार दो गेंद में दो बार आउट होने से बचे।

बाबर 157 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली भी रहे जब मैदानी अंपायर ने उनके खिलाफ लियोन की पगबाधा की विश्वसनीय अपील ठुकरा दी। डीआरएस लेने पर अंपायर्स कॉल आने के कारण बाबर नाबाद रहे।

मैच में जब सिर्फ 13 ओवर बचे थे तब लियोन ने पाकिस्तान को मुश्किल में डाला। उन्होंने बाबर को मार्नस लाबुशेन के हाथों कैच कराके पाकिस्तान के कप्तान को दोहरे शतक से वंचित किया।

लियोन की अगली गेंद पर फहीज अशरफ (00) भी स्लिप में कैच दे बैठे।

साजिद खान (09) ने स्मिथ को आसान कैच थमाया लेकिन इसके बाद रिजवान और नौमान ने मैच ड्रॉ करा दिया।

मैच में जब सिर्फ 19 गेंद बची थी तब उस्मान ख्वाजा ने शॉर्ट एक्सट्रा कवर पर रिजवान का नीचा कैच टपका दिया।

रिजवान ने लियोन पर दो चौकों और एक रन के साथ शतक पूरा किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 16, 2022 07:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).