Aurangabad: पूर्व महापौर की चप्पल उठा ले गए आवारा कुत्ते, नगर निगम ने पकड़कर बधिया कर दिया
महाराष्ट्र के औरंगाबाद में पूर्व महापौर के घर के बाहर से उनकी चप्पल गायब होने के बाद शहर के नगर निगम ने चार आवारा कुत्तों को पकड़कर उन्हें बधिया कर दिया.
औरंगाबाद (महाराष्ट्र), 14 जून: महाराष्ट्र के औरंगाबाद में पूर्व महापौर के घर के बाहर से उनकी चप्पल गायब होने के बाद शहर के नगर निगम ने चार आवारा कुत्तों को पकड़कर उन्हें बधिया कर दिया. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी.
पूर्व महापौर ने शिकायत की थी कि एक आवारा कुत्ता उनके घर के बाहर से चप्पल उठाकर ले गया, जिसके बाद निगम प्रशासन हरकत में आया. अधिकारी ने बताया कि शहर के नक्षत्रवाड़ी इलाके में रहने वाले पूर्व महापौर नंदकुमार घोडेले के घर के बाहर से सोमवार रात चप्पल गायब होने की घटना हुई.
निगम के अधिकारी ने कहा, ‘‘सोमवार को घोडेले के घर का द्वार खुला हुआ था. उसी रात, उनके जूते घर के मुख्य दरवाजे के पास से गायब हो गए और बाद में पता चला कि एक आवारा कुत्ता परिसर में घुस आया था और जूते-चप्पल उठा ले गया.’’
उन्होंने बताया कि अगले दिन, औरंगाबाद नगर निगम की कुत्ता पकड़ने वाली टीम को बुलाया गया और आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए एक अभियान शुरू किया गया. अधिकारी ने बताया कि टीम ने घोडेले के घर के आसपास से चार आवारा कुत्तों को पकड़ा और उनका बंध्याकरण किया गया .
इस मामले में घोडेले की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 14, 2023 06:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

