देश की खबरें | ससुराल पक्ष की ओर से महिला को मारने का प्रयास : डीसीडब्ल्यू ने दिल्ली पुलिस को दिया नोटिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने शहर की पुलिस को 30 वर्षीय एक महिला की ससुराल पक्ष द्वारा कथित तौर पर हत्या की कोशिश करने के मामले में नोटिस जारी किया है।
नयी दिल्ली, 18 जून दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने शहर की पुलिस को 30 वर्षीय एक महिला की ससुराल पक्ष द्वारा कथित तौर पर हत्या की कोशिश करने के मामले में नोटिस जारी किया है।
आयोग ने दिल्ली पुलिस को मामले में सोमवार शाम तक कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर)जमा करने का आदेश दिया है।
डीसीडब्ल्यू ने यहां जारी बयान में कहा कि उसे महिला के परिवार से शिकायत मिली है। बयान के मुताबिक महिला के पिता ने डीसीडब्ल्यू को बताया कि शुक्रवार को उन्हें फोन कॉल पर बताया गया कि उनकी बेटी को सीढ़ियों से गिरने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पिता ने आरोप लगाया कि जब वह बेटी के ससुराल गए तो पड़ोसियों ने उन्हें बताया कि उनकी बेटी को छत से धक्का दिया गया है।
बयान के मुताबिक पिता ने बताया कि उनकी बेटी की तीन साल पहले शादी हुई थी और तब से ही ससुराल पक्ष उसका उत्पीड़न कर रहा है।
डीसीडब्ल्यू ने कहा कि मौजूदा समय में पीड़िता अति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। आयोग ने दिल्ली पुलिस को भेजे नोटिस में शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने को कहा है।
आयोग ने पुलिस से कहा है कि वह महिला का बयान अस्पताल में ही मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)