देश की खबरें | भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत जवाबी हमले पर उप्र में जश्न का माहौल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में बुधवार की तड़के नौ आतंकवादी शिविरों पर किए गए हमलों ने पूरे उत्तर प्रदेश में जश्न और देशभक्ति की लहर पैदा कर दी।

लखनऊ, सात मई भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में बुधवार की तड़के नौ आतंकवादी शिविरों पर किए गए हमलों ने पूरे उत्तर प्रदेश में जश्न और देशभक्ति की लहर पैदा कर दी।

यह हमला 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद हुआ था, जिसमें कानपुर के एक व्यक्ति सहित 26 लोग मारे गए थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सशस्त्र बलों की त्वरित जवाबी कार्रवाई की सराहना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “दृढ़ संकल्प के साथ नेतृत्व” करने के लिए बधाई दी।

लखनऊ में एक मॉक ड्रिल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने हमलों को हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा, “यह एक नया भारत है जो हर दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब देता है।”

हमलों को पीड़ितों के प्रति एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “जिन लोगों ने भारत की बेटियों के ‘सिंदूर’ को छूने की हिम्मत की, उन्होंने कल रात के हमले में अपने खून के रिश्तों को खो दिए।”

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी भारत की कार्रवाई की सराहना की।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर भारतीय सेवा के पराक्रम की सराहना करते हुए कहा, "पराक्रमो विजयते" (बहादुर विजयी होते हैं)।

बसपा प्रमुख मायावती ने भी 'एक्स' पर अपनी पोस्ट में कहा, "पाकिस्तान में नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने की भारतीय सेना की ’आपरेशन सिंदूर’ कार्रवाई गौरवमय व सराहनीय।"

मथुरा से लेकर मेरठ और गोरखपुर से लेकर बागपत तक, राज्य भर के शहरों और कस्बों में धार्मिक और राजनीतिक विचारधारा के लोगों ने सामूहिक जश्न मनाया।

वृंदावन में व्यापारियों ने भारतीय सेना और प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा में नारे लगाते हुए बाजारों में मिठाइयाँ बांटी और आतिशबाजी की।

वृंदावन व्यापारी संघ के अध्यक्ष आलोक बंसल ने कहा, "हमें गर्व है कि हमारे सशस्त्र बलों ने दुश्मन के इलाके में घुसकर करारा जवाब दिया।"

सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी भारतीय सेना की कार्रवाई की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "उन्होंने साहस के साथ जवाब दिया, जबकि आतंकवादियों ने कायरों की तरह हमला किया।"

उन्होंने कहा कि जब तक आतंकवाद को पूरी तरह से जड़ से उखाड़ नहीं दिया जाता, तब तक लड़ाई जारी रहनी चाहिए।

उन्होंने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर ने 25 मिनट में शिविरों को नष्ट कर दिया। यह वह जवाब है जिसका हर भारतीय को इंतजार था।"

उत्तर प्रदेश के प्रमुख मुस्लिम धर्मगुरुओं ने हमलों का स्वागत किया। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य और इस्लामिक सेंटर आफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने बुधवार को 'पीटीआई-' से बातचीत में कहा कि भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादियों के ठिकानों पर एयर स्ट्राइक किया जाना एक स्वागत योग्य कार्रवाई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\