विदेश की खबरें | सीरिया के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में हवाई हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

सामाजिक कार्यकर्ताओं और ब्रिटेन स्थित युद्ध निगरानी संगठन ‘सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स’ ने बताया कि सीरिया के राष्ट्रपति बशर असद के शीर्ष सहयोगी रूस ने तुर्की की सीमा के समीप विरोधियों के कब्जे वाले जिस्र अश-शुगूर में हवाई हमला किया।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब एक दिन पहले ही रूस की एक निजी सेना ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ कुछ देर के लिए सशस्त्र विद्रोह कर दिया था।

विरोधियों के कब्जे वाले उत्तर पश्चिमी सीरिया के नागरिक रक्षा संगठन ‘व्हाइट हेलमेट्स’ ने कहा है कि इस हमले में 30 से अधिक लोग घायल हुए है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

व्हाइट हेलमेट्स के अहमद यजीजी ने कहा, ‘‘हमें जानकारी मिली है कि गंभीर रूप से घायल लोग अस्पताल में दम तोड़ रहे हैं। यह मुख्य सब्जी बाजार में लक्षित हमला था जहां उत्तरी सीरिया के नजदीकी क्षेत्रों से किसान एकत्रित होते हैं।’’

रूस और सीरिया ने इस हवाई हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की है। हालांकि सीरिया ने कहा कि इन हमलों के निशाने पर सशस्त्र आतंकी संगठन थे।

सीरिया के सरकार समर्थक अखबर अल-वतन ने अज्ञात सुरक्षा सूत्र के हवाले से कहा कि इस हवाई हमले में आतंकवादियों एवं उनके हथियारों के डिपो को निशाना बनाया गया।

सीरिया के उत्तरपश्चिमी हिस्से में ज्यादातर क्षेत्रों पर आतंकवादी संगठन हयात तहरीर अल शैम एवं तुर्की समर्थित बलों का कब्जा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)