कोझिकोड,सात अगस्त दुबई-कालीकट एअर इंडिया एक्सप्रेस उड़ान के शुक्रवार शाम हवाईपट्टी से फिसल कर एक गहरी घाटी में गिरने और उसके दो हिस्सों में टूटने की घटना में एक पायलट समेत कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। इस विमान में चालक दल के सदस्यों सहित कुल 190 यात्री सवार थे।
मलाप्पुरम के जिलाधिकारी के गोपालकृष्णन ने संवाददाताओं से बातचीत में 17 लोगों की मौत की पुष्टि की और कहा कि 110 लोगों को कोझिकोड के अस्पतालों में और 80 लोगों को मलाप्पुरम के अस्पतालों में लाया गया है।
गोपालकृष्णन ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा,‘‘ विमान घाटी में गिर गया और दो हिस्सों को टूट गया। इसमें चालक दल सहित कुल 190 यात्री सवार थे। इसमें 174 वयस्क, 10 शिशु और चालक दल के छह सदस्य शामिल हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बचाव अभियान डेढ़ घंटे के भीतर खत्म हो गया। सभी कीमती सामान और अन्य सामानों को कब्जे में ले लिया गया है।’’
उन्होंने कहा कि 110 लोगों को कोझिकोड के सात अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनमें से 11 लोगों की मौत हो गई है।।
उन्होंने बताया ,‘‘शेष लोगों का इलाज चल रहा है। मलाप्पुरम के अस्पतालों में भर्ती 80 लोगों में से छह लोगों की मौत की सूचना हमें मिली है।’’
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की हालत गंभीर है।
जिलाधिकारी ने कहा कि विमान के पिछले हिस्से में फंसे दो यात्रियों को बड़ी मुश्किल से निकाला जा सका।
बचाए गए यात्रियों में से एक रियाज ने कहा कि उतरने से पहले विमान ने दो बार हवाई अड्डे का चक्कर लगाया।
उन्होंने एक समाचार चैनल को बताया, ‘‘मैं पिछली सीट पर था और बड़ा शोर था और मुझे नहीं पता कि उसके बाद क्या हुआ।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY