एजेंसी न्यूज

Assam: सरकारी योजना के फार्म के लिए एकत्र हुईं महिलाएं कतार छोड़कर राहुल गांधी से मिलने पहुंची

असम के जोरहाट जिले में एक नई घोषित सरकारी योजना के फॉर्म लेने के लिए एकत्र हुईं सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिलने के लिए कतारों से बाहर निकल गईं. गांधी क्षेत्र में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का नेतृत्व कर रहे हैं.

Assam: सरकारी योजना के फार्म के लिए एकत्र हुईं महिलाएं कतार छोड़कर राहुल गांधी से मिलने पहुंची

जोरहाट, 18 जनवरी : असम के जोरहाट जिले में एक नई घोषित सरकारी योजना के फॉर्म लेने के लिए एकत्र हुईं सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिलने के लिए कतारों से बाहर निकल गईं. गांधी क्षेत्र में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का नेतृत्व कर रहे हैं. गांधी दोपहर में पड़ोसी शिवसागर जिले से मरियानी शहर पहुंचे और उन्होंने देखा कि सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं योजना के लिए फॉर्म लेने के वास्ते नाकाचारी क्षेत्र में एक सरकारी केंद्र पर कतारों में खड़ी हैं. गांधी के काफिले को गुजरते देख सभी महिलाएं अपनी कतारों से बाहर निकल आईं और कांग्रेस सांसद से मिलने के लिए सड़क की ओर दौड़ पड़ीं.

जैसे ही काफिला रुका और गांधी बस से बाहर आए कई महिलाएं उनकी ओर गईं व पैर छुए, लेकिन उन्होंने (गांधी ने) उन्हें ऐसा करने से रोकने की कोशिश की. इसके बाद महिलाओं ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने का आग्रह किया जिस पर वह तुरंत सहमत हो गए. आगे बढ़ने से पहले गांधी ने उनके साथ कुछ समय बिताया और उनका हालचाल पूछा. बाद में यात्रा में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर वीडियो साझा किया. यह भी पढ़ें : ओडिशा : कांग्रेस ने लोकसभा, विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए ‘वॉर रूम’ स्थापित किया

रमेश ने कहा, ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पांचवें दिन मरियानी में असम के मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के वास्ते एकत्र हुई महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ राहुल गांधी से मुलाकात की. असम के लिए न्याय शुरू हो गया है!’’ कांग्रेस सांसद के नेतृत्व में 6,713 किलोमीटर की यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई और यह 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी. असम में यह यात्रा 25 जनवरी तक जारी रहेगी. ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेगी.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 18, 2024 03:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).